गुजरात में 27 सितंबर से होगा 36 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के 36 राष्ट्रीय खेलों का आयोजन

-राष्ट्रीय खेलों में मलखंब और योगासन का होगा आगाज

विजय कुमार/ नई दिल्ली, 20 जुलाई।
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने आज घोषणा की है कि इस बार गुजरात में होने वाले राष्ट्रीय खेल 2022 में कुल 36 खेल प्रतियोगिताएं होंगी और सभी 28 राज्य और 8 केंद्र शासित प्रदेश इन खेलों में हिस्सा लेंगे। यह राष्ट्रीय खेल स्पोर्ट्स फ़ॉर यूनिटी थीम को बढ़ावा देंगे। राष्टृीय खेलों को लेकर आज आईओए कार्यालय में एक बैठक का आयोजन किया गया था। जिसमंे विभिन्न खेलों से जुडे पदाधिकारियों ने भाग लिया। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल द्वारा हाल ही में घोषित राष्ट्रीय खेल 27 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच होंगे। प्रदेश की राजधानी गांधीनगर समेत छह शहर, अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट और भावनगर में राष्ट्रीय खेल आयोजित होंगें।
एटूजेड न्यूज संवाददाता से बातचीत में राजीव मेहता ने बताया कि केरल में आयोजित 35 वें राष्ट्रीय खेलों में 33 खेलों को शामिल किया गया था। दूसरा खेलो इंडिया यूथ गेम्स में स्वदेशी खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में निरतंर हो रहे प्रयास से मलखंब और योगासन को राष्ट्रीय खेलों में शामिल किया गया है।
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन पर अपने विचार साझा करते हुए आईओए के महासचिव राजीव मेहता ने कहा, “ये अब तक के सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय खेल होंगे।  गुजरात सरकार अपने राज्य ओलंपिक संघ और अन्य अधिकारियों द्वारा समर्थित रूप से राष्ट्रीय खेलों को प्रशंसकों के लिए शानदार अनुभव बनाने के साथ-साथ गुजरात की क्षमता, बुनियादी ढांचे, संस्कृति और परंपराओं का प्रदर्शन करने के लिए दिन-रात काम कर रही है। आईओए तकनीकी मामलों पर एवं आवश्यकता होने पर उचित समन्वय सुनिश्चित करने के साथ-साथ अपना अनुभव और विशेषज्ञता साझा करने के लिए हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
उन्होंने कहा कि विभिन्न कारणों से खेल पांच साल के अंतराल के बाद हो रहे हैं। पिछले तीनों संस्करणों में सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल  बोर्ड की टीम सर्वाधिक पदकों के साथ शीर्ष पर रही है।
राष्ट्रीय खेल गुजरात 2022 में शामिल खेलों की सूची इस प्रकार है;- अक्वाटिक्स, आर्चरी (तीरंदाज़ी), एथलेटिक्स,  बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग (मुक्केबाज़ी),  कैनोइंग और कायाकिंग, साइकिलिंग, फेंसिंग,  फुटबॉल, जिमनास्टिक्स, गोल्फ, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, खो-खो, लॉन बोल, मलखंब, नेटबॉल, रोलर स्केटिंग, रोइंग, रग्बी 7 एस, शूटिंग, सॉफ्टबॉल,  सॉफ्ट टेनिस, स्क्वाश, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, टेनिस, ट्रायथलॉन, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, रेसलिंग,  वुशु और योगासन।