-कई लोगों के दबे होने की आशंका, राहत-बचाव कार्य जारी
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
राजधानी में एक बार एक चार मंजिला इमारत ढह गई है। बताया जा रहा है कि इमारत में अवैध निर्माण चल रहा था। ज्यादा बारिश होने की वजह से इमारत कमजोर हो गई और सोमवार को ढह गई। उत्तरी दिल्ली के मलकागंज वार्ड के सब्जी मंडी इलाके में यह हादसा हुआ। खबर लिखे जाने तक मलबे से दो व्यक्तियों को बाहर निकाला जा चुका था। अचानक हुए इस हादसे में वहां से अपनी मां के साथ निकल रहे तीन बच्चों की मौत बताई जा रही है, जबकि एक बच्चा और एक महिला गंभीर रूप से घायल हैं और कई के फंसे होने की आशंका है।
यह भी पढ़ेंः पिटते-पिटते बचे बीजेपी के पूर्व महापौर… महंगा पड़ा सियासी दांव!
सेंट्रल दिल्ली रेंज के जॉइंट सीपी एनएस बुंदेला ने बताया कि मौके पर पुलिस, एमसीडी और एनडीआरएफ की टीमें मौजूद हैं। इमारत के मलबे में कितने लोग फंसे हैं, इसका पता लगाया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रशासन राहत और बचाव कार्य में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः बीजेपी में भी हो रहा नावल्टी सिनेमा सहित निगम की संपत्तियों को बेचने का विरोध
वहीं उत्तरी दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जानकारी के मुताबिक बिल्डिंग में रिपेयरिंग का काम चल रहा था। फिलहाल हमारी कोशिश है कि कोई कैजुअल्टी नहीं हो। राहत और बचाव का काम जारी है। दमकल विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक मलका गंज के पास घंटा घर सब्जी मंडी में रॉबिन सिनेमा के सामने तीन मंजिला रिहायशी इमारत ढह गई। विभाग को इस बारे में दोपहर 12 बजे फोन आया। जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की सात गाड़ियां बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। अधिकारी ने कहा कि उन्हें अभी पता नहीं चल पाया है कि वास्तव में इमारत के गिरने का कारण क्या था।
चल रहा था अवैध निर्माण
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिल्डिंग में अवैध निर्माण चल रहा था। इसमें एक दुकान बनाकर हाल ही में बेची गई थी और साथ ही मकान के अंदर निर्माण कार्य जारी था। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश होने की वजह से दीवारें कमजोर हो गईं और बिल्डिंग अचानक ढह गई। घायलों को तुरंत हिंदू राव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर्स ने दो बच्चों की मौत को साथ के साथ कन्फर्म कर दिया।
गुड्डी देवी हैं स्थानीय निगम पार्षद
बिल्डिंग ध्वस्त होने की घटना जिस इलाके में हुई है, वहां से गुड्डी देवी निगम पार्षद हैं। गुड्डी देवी 2017 का निगम चुनाव कांग्रेस के टिकट पर जीती थीं। लेकिन हाल ही में करीब तीन महीने पूर्व आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई थीं। जिस इलाके में यह घटना हुई है, यहां बेहद पुरानी बिल्डिंगें हैं, जहां धड़ल्ले से अवैध निर्माण चलता रहता है। इससे पहले यहां से सटे सदर बाजार और उससे पहले अनाज मंडी इलाके में भी इसी तरह निर्माणाधीन इमारतें ध्वस्त होती रही है।
प्रशासन की लापरवाही से हुआ हादसा: मुकेश गोयल
उत्तरी दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता मुकेश गोयल ने कहा कि इस हादसे में प्रशासन की लापरवाही रही है। निगम का यह दावा होता है कि हर मानसून से पहले डेंजरस बिल्डिंग्स का सर्वे किया जाता है। यदि यह बिल्डिंग डेंजरस थी तो इसे खाली क्यों नहीं कराया गया। यदि यहां अवैध निर्माण हो रहा था तो निगम अधिकारी क्या कर रहे थे। हादसे की जांच निष्पक्ष एजेंसी से करायी जानी चाहिए और दोषी लोगों के खिलाफ र्कारवाई की जानी चाहिए।