दिल्ली-एनसीआर में ठंडक का अहसास… आज भी बरसेंगे बदरा!

-रविवार के बाद सोमवार को भी बारिश जारी

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली और पूरे एनसीआर में मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दिया है। रविवार की सुबह से शुरू हुई बारिश रुक-रुककर सोमवार की सुबह तक जारी है। आज तड़के ही दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई है। बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट आई है। जिसकी वजह से लोगों को ठंडक महसूस हो रही है। मौसम विभाग की माने तो सोमवार को पूरे दिन रूक रूक कर बारिश होती रहेगी।

यह भी पढ़ेंः A2Z NEWS की खबर पर आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रियाः ‘‘आप’ के विरोध और संघर्ष के चलते भाजपा शासित एमसीडी ने दंगल मैदान को बेचने का प्रस्ताव रद्द किया’’!

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटों के दौरान दिल्ली के अलावा हरियाणा के गुरुग्राम, औरंगाबाद, पलवल, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पानीपत, सोनीपत और यूपी के नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ में गरज और चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।

यह भी पढ़ेंः बुध और गुरु की सीधी चाल… जानें, किसके लिए खुलेंगे किस्मत के द्वार?

तेज हवा और बारिश से तापमान में आई गिरावट के बाद लोगों को हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है। सोमवार को भी दिन भर बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। शनिवार रात और रविवार को राजधानी में 20.2 एमएम बारिश हुई। इसके साथ ही राजधानी में पूरे सितंबर में होने वाली बारिश की भरपाई हो गई है। रविवार को सीजन में पहली बार तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है। सोमवार से इसमें और भी गिरावट आनी शुरू हो जाएगी।

यह भी पढ़ेंः अब नहीं बेची जाएंगी नगर निगम की सरकारी जमीन… नावल्टी सिनेमा पर आलोचना के बाद बैकफुट पर बीजेपी!

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार और रविवार को सफदरजंग इलाके में 20.2 एमएम, पालम में 1.8 एमएम, लोदी रोड में 19 एमएम, रिज में 28.8 एमएम, आया नगर में 5.6 एमएम बारिश हुई। सोमवार को हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके बाद दिन के तापमान में सुधार होगा। दिन का तापमान इस हफ्ते 31 से 33 डिग्री के आसपास बना रहेगा। सुबह-शाम के समय गुलाबी ठंड महसूस होने लगेगी। सोमवार के बाद इस पूरे हफ्ते बारिश की संभावना नहीं है।