-दुल्हन वापस लौटी तो पिता को आया हार्ट अटैक
एसएस ब्यूरो/ इटावाः 30 अप्रैल।
देशभर में शादियों का दौर है और अलग अलग इलाकों से अजीबोगरीब घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसा ही एक कांड इटावा की एक दुल्हन ने कर डाला है। उत्तर प्रदेश के इटावा के एक शादी कार्यक्रम से बेहद ही चौंका देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी का मंडप सजा था, दूल्हा भी तैयार हो गया था, बारात की तैयारी अंतिम दौर में थी। हलवाई ने पकवान तैयार कर लिए थे। लोग शादी कार्यक्रम में आने लगे थे। मगर अचानक शादी मंडप में सब कुछ बदल गया। लोग एक-दूसरे से गुपचुप बातें करने लगे और कुछ ही पलों में शादी के कार्यक्रम में सन्नाटा छा गया। दरअसल ये शादी नहीं हो पाई और दूल्हा बिना दुल्हन लिए ही अपने घर वापस चला गया।
दरअसल शादी से ठीक पहले दुल्हन लापता हो गई। वह ब्यूटी पार्लर में तैयार होने के लिए गई थी। मगर वहां से वह लापता हो गई। ये बात जैसे ही दुल्हन पक्ष को पता चली तो हड़कंप मच गया। फौरन दुल्हन पक्ष पुलिस के पास गया। पुलिस ने भी दुल्हन को खोजने की कोशिश की, मगर उसका कुछ पता नहीं चला।
2 घंटे बाद वापस लौटी
बताया जा रहा है कि ब्यूटी पार्लर से लापता होने के 2 घंटे बाद दुल्हन वापस आई। मगर तब तक शादी का माहौल खत्म हो चुका था और दूल्हा पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन कहां गायब थी? वह क्या कर रही थी? इसका जवाब अभी तक सामने नहीं आया है।
शादी टूटने से पिता को आया हार्ट अटैक
युवती के गायब होने की खबर से उसके पिता को गहरा सदमा पहुंचा। शादी के आखिरी मौके पर उनकी बेटी जिस तरह से गायब हुई, उससे वह टूट गए और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। पिता को फौरन अस्पताल में भर्ती करवाया गया। फिलहाल दुल्हन के पिता ने थाने में दूल्हे की शिकायत की है। जिसमें दहेज मांगने और शादी तोड़ने की बात की गई है। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। मगर दूल्हा-दुल्हन पक्ष में से कोई भी मीडिया के सामने नहीं आया है।
बता दें कि शादी में करीब 1200 लोगों के लिए खाना बना था. मगर किसी ने खाना नहीं खाया। अब कारीगरों को मेहनताने का इंतजार है, जो उन्हें खबर लिखे जाने तक नहीं मिला था। दुल्हन कहां गई थी? इसको लेकर भी काफी तरह की चर्चाएं की जा रही हैं। हालांकि बताया यह जा रहा है कि दुल्हन यह बताने को तैयार नहीं है कि वह 2 घंटे तक कहां गायब रही थी।