-कांग्रेस की तीन सीटों के लिए होना है लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का ऐलान
हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 20 मार्च।
लोकसभा चुनाव (Loksabha Elections) के लिए दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ हाथ मिलाने के बावजूद कांग्रेस (Congress) अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करने में पिछड़ती जा रही है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस का कोई भी वरिष्ठ नेता दिल्ली में लोकसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहता है। जिसकी वजह से कांग्रेस के हिस्से में आई तीन सीटों से चुनाव लड़़ने वाले उम्मीदवारों के नामों की घोषणा होने में लगातार देरी हो रही है।
कांग्रेसी सूत्रों का कहना है कि पार्टी में पूर्व सांसदों में जय प्रकाश अग्रवाल और संदीप दीक्षित के नामों की चर्चा है। जबकि लोकसभा चुनाव लड़ाने के लिए पूर्व विधायकों में अलका लांबा, चौधरी अनिल कुमार, उदित राज, जय किशन और राजेश लिलोठिया के नामों की चर्चा जोरों पर है। बताया यह भी जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली और पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान ने लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है।
सूत्रों का कहना है कि चांदनी चौक सीट से कांग्रेस पूर्व सांसद जय प्रकाश अग्रवाल को चुनाव लड़ाने पर विचार कर रही है। इस सीट को आम तौर पर बनिया बहुल सीट माना जाता है। बीजेपी ने इस सीट से व्यापारी नेता प्रवीण खंडेलवाल को चुनाव में उतारा है। हालांकि अलका लांबा का नाम भी कुछ लोग चला रहे हैं। वहीं उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार टिकट के लिए ऐड़ी-चोटी का जोर लगाये हुए हैं। हालांकि कांग्रेस में एक धड़ा अनिल कुमार के बजाय इस सीट से संदीप दीक्षित को चुनाव लड़ाने पर जोर दे रहा है।
बीजेपी (BJP) ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट पर एक बार फिर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी पर भरोसा जताया है। वह तीसरी बार इसी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। कांग्रेस में उत्तर-पश्चिम दिल्ली सीट से उदित राज, राजेश लिलोठिया और जय किशन के नाम चर्चा में हैं। हालांकि बताया यह भी जा रहा है कि राजेश लिलोठिया और जयकिशन लोकसभा चुनाव लड़ने अपनी दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। इस सीट से बीजेपी ने अपने प्रदेश महामंत्री और पूर्व मेयर योगेंद्र चंदोलिया को चुनावी मैदान में उतारा है।