Delhi Roits: दिसंबर में रची साजिश… जनवरी में बांटे गये हथियार

-अदालत में हो रही सुनवाई में हो रहे नये-नये खुलासे
-इकट्ठे किये गए थे लाठी, पत्थर, पेट्रोल बम, पिस्टल

ब्यूरो रिपोर्ट/ नई दिल्ली
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में इसी साल फरवरी में हुए दंगों की साजिश पिछले साल दिसंबर में ही ची गई थी। पुलिस के अनुसार आप के निलंबित पार्षद ताहिर हुसैन के नेतृत्व में पहले पूरे इलाके में डर फैलाया गया और फिर जनवरी महीने में ही हथियार बांट दिये गए थे। दिसंबर 2019 से जनवरी 2020 तक खजूरी और दयालपुर इलाके में हथियारों का प्रबंध किया गया था। दिल्ली पुलिस ने कड़कड़डूमा स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश विनोद यादव की अदालत के समक्ष दंगों से संबंधित मुकदमे की सुनवाई के दौरान यह खुलासे किए गए हैं।

यह भी पढ़ेंः- जानें, किसकी किस्मत का द्वार खोलने जा रहा सूर्य और मंगल का महायोग?

दिल्ली पुलिस के अनुसार, ताहिर हुसैन के मकान के बराबर में भारत वाटिका नाम का बैंक्वेट हॉल है। 25 फरवरी को यहां एक लड़की की बारात आने वाली थी। 1200 लोगों का खाना तैयार किया जा रहा था। लेकिन ताहिर हुसैन ने इस बैंक्वेट हॉल और आसपास तबाही मचाने के लिए दंगाइयों को अपनी छत पर जगह उपलब्ध कराई। इस बैंक्वेट हॉल को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया गया। वहां आग लगा दी गई। पुलिस ने अदालत को बताया है कि यहां बात एक लड़की की शादी में तबाही मचाने तक नहीं है। बल्कि महीनों पहले रची गई उस साजिश की है, जिसने इस इलाके को दंगों की आग में झोंक दिया।

यह भी पढ़ेंः- BIHAR: चिराग तले ‘सियासी बवंडर’!

दिल्ली पुलिस के मुताबिक 23 फरवरी को दंगों की शुरुआत अचानक नहीं हुई थी। बल्कि यह साजिश का हिस्सा थी। लोकतंत्र का हवाला देकर नए नागरिकता संशोधन कानून के बारे में पहले लोगों में गलत जानकारी फैलाई गई। फिर उन्हें चक्का जाम करने के लिए उकसाया गया। दगों को कराकर कुछ मुख्य साजिशकर्ताओं ने देश की छवि खराब करने की कोशिश की है।
लोगों को डरायाः बचना है तो हथियार उठा लो!
पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वह बेहद चौंकाने वाले हैं। मुख्य आरोपी ताहिर हुसैन ने असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर महीनों पहले खजूरी और दयालपुर के लोगों के मन में डर बैठाया। उन्हें बताया कि अगर खुद को बचाना है तो हथियार उठाना होगा। लोग इस बात पर यकीन करते गए और डर फैलता गया। डर फैलाने के बाद इन्हें लाठी-डंडे ही नहीं पिस्तौल, पेट्रोल बम, चाकू आदि हथियार भी उपलब्ध कराए गए ताकि ज्यादा से ज्यादा नुकसान किया जा सके।
ताहिर के करीबी को नहीं मिली जमानत
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी ताहिर हुसैन द्वारा रची गई बड़ी साजिश की जांच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल कर रही है। अदालत ने इस मामले में लड़की की शादी की तैयारी में तबाही मचाने और कथित तौर पर ताहिर हुसैन के करीबी माने जाने वाले आरोपी को जमानत देने से इनकार कर दिया है। अदालत ने कहा कि इस वारदात में घातक हथियारों का इस्तेमाल हुआ है। आरोपी को जमानत नहीं दी जा सकती।