दिल्ली-एनसीआर… आज से पड़ेंगी बारिश की फुहार!

-राजधानी में शनिवार से होगी मॉनसून की बारिश

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्‍ली
दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर है। शनिवार से राजधानी में बारिश की फुहारें पड़ेंगी। मौसम विभाग की मानें तो 10 जुलाई से दिल्ली में झमाझम बारिश होगी। इस बार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 13 दिनों की देरी के बाद शनिवार को मॉनसून के पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पिछले 15 वर्षों के दौरान ऐसा पहली बार हो रहा है जब दिल्ली में मॉनसून इतनी देरी से पहुंचेगा। आम तौर पर दिल्ली में मॉनसून के पहुंचने की तारीख 27 जून से 29 जून तक तय मानी जाती है।

यह भी पढ़ेंः- हर्षवर्धन को भारी पड़ी दिल्ली वालों से बेरूखी!… रिजल्ट देने में नाकाम, चली गई कुर्सी

मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि ’दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों और पंजाब, हरियाणा व राजस्थान के कुछ और हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।’ इसके चलते दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में अगले पांच से छह दिनों के दौरान हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ेंः- बच्चों के मिड-डे मील पर फंसी बीजेपी… एक साल से नहीं मिला मिड डे मील… निगम के साथ प्रदेश नेतृत्व पर सवालिया निशान!

मौसम विभाग के प्रमुख अधिकारी कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि इससे पहले 2012 में मॉनसून सात जुलाई को दिल्ली में पहुंचा था। वहीं 2006 में मॉनसून ने नौ जुलाई को राजधानी में दस्तक दी थी।
मौसम में बदलाव बना वजह
केरल में दो दिन की देरी से पहुंचने के बाद मॉनसून देश के पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिम के कुछ हिस्सों में 10 दिन पहले ही पहुंच गया था। लेकिन इसके बाद इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं रहीं। मॉनसून कमजोर होकर रुक रुककर आगे बढ़ने लगा। मौसम विभाग ने इससे पहले कहा था कि राजधानी में मॉनसून अपने तय समय से 12 दिन पहले ही 15 जून को दस्तक दे देगा। एक जून को मॉनसूनी सीजन शुरू होने के बाद से अब तक दिल्ली में 44.1 मिमी बारिश हुई है जो सामान्य यानी 104.2 मिमी से 58 फीसदी कम है। मौसम वैज्ञानिक चरण सिंह ने कहा कि गुरुवार को दिल्ली में हल्की बारिश हुई। विश्लेषण के मुताबिक, 11,12 और 13 जुलाई को देश के उत्तर पश्चिम क्षेत्रों में भारी वर्षा होगी। दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटों में मॉनसून पहुंच जाएगा।