लक्ष्मी नगर के विस्थापितों को अस्थायी आवास मुहैया करायेगी दिल्ली सरकार

-मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अधिकारियों को दिए आदेश
-बेघर लोगों के लिए की जा रही टेंट या स्कूल में व्यवस्था

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
पूर्वी दिल्ली के ईस्ट लक्ष्मी नगर मार्केट में मास्टर प्लान रोड पर बनी झुग्गियों के विस्थापितों को दिल्ली सरकार अस्थायी आवास मुहैया कराएगी। बता दें कि इनकी झुग्गियों को कोर्ट के आदेश पर पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा तोड़ा गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को इस इलाके का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की थी। बता दें कि यहां 200 मीटर की लंबाई में अवैध रूप से 56 इमारतें बनी हुई थीं, जिसमें कई तीन मंजिला मकान भी थे।

यह भी पढ़ेंः- DELHI BJP: इस बार महामंत्री पद पर नहीं होगा ‘बनिया’ नेता!

मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार के अधिकारियों को नगर निगम की कार्रवाई से बेघर हुए पीड़ितों के लिए तत्काल अस्थाई आवास का इंतजाम करने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर गरीबों के आवास तोड़े गए हैं। हमने कोर्ट के आदेश का अध्ययन करने के लिए अधिकारियों को बोल दिया है।

यह भी पढ़ेंः- सोमवती अमावस्या का दुर्लभ संयोग… जानें किसका बन रहा राजयोग

मुख्यमंत्री के साथ कई विधायक और अधिकारी भी मौजूद रहे। विधायकों में मुख्य रूप से राजेंद्र पाल गौतम, राखी बिड़ला, कुलदीप कुमार और अजय दत्त शामिल रहे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अधिकारियों से बेघर हुए लोगों को तत्काल अस्थाई आवास की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

यह भी पढ़ेंः- वेटिंग की टेंशन खत्म… अब सबको मिलेगा कन्फर्म टिकट

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए आसपास कोई जमीन मिलती है, तो टेंट लगाकर इनके रहने की व्यवस्था की जाएगी। जमीन उपलब्ध नहीं होने पर किसी स्कूल में रहने, खाने और शौचालय का इंतजाम किया जाएगा। इसके बाद इनका स्थाई रूप से क्या समाधान किया जा सकता है, इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर कुछ रास्ता निकाला जाएगा। अभी यह लोग खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर हैं।