दिल्ली कांग्रेसः 14 सितम्बर को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यभार संभालेंगे अरविन्दर सिंह लवली

-शुक्रवार को थोड़ी देर के लिए प्रदेश कार्यालय पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 1 सितम्बर, 2023।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (Delhi Pradesh Congress Committee) के नवनियुक्त अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली (Arvinder Singh Lovely) अब 14 सितम्बर को सुबह 11 बजे पार्टी कार्यालय में पदभार ग्रहण करेंगे। शुक्रवार को पार्टी कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में दिल्ली के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वो जी-20 समिट के चलते जो राष्ट्रीय गौरव का विषय है, खास तौर पर नई दिल्ली के सरकार द्वारा आरक्षित क्षेत्र में कोई होर्डिंग पोस्टर न लगाऐं। दिल्ली को साफ सुथरा रखना सभी राजनैतिक कार्यकर्ता व दिल्ली के नागरिकों की जिम्मेदारी है।
बता दें कि गुरूवार को कांग्रेस आलाकमान की ओर से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली को दोबारा दिल्ली प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने की घोषणा की गई थी। इसके पश्चात से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा उन्हें बधाईयां देने का तांता लगा हुआ है। कांग्रेस पार्टी ने 14 सितम्बर का दिन जी-20 को देखते हुए निर्धारित किया है, हालांकि प्रदेश कार्यालय से सभी राजनीतिक गतिविधियां सुचारु रुप से जारी हैं और पार्टी कार्यालय में दिल्ली के सभी वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता पहुंच रहे है और संगठन को मजबूत करने की दिशा में तेजी से कदम उठाए जा रहे है।