हड़ताल पर अड़े DBC कर्मचारी… दूसरे दिन पूर्व महापौर जय प्रकाश ने धरना स्थल पर पहुंच कर किया समर्थन

-मेयर व एडीशनल कमिश्नर के साथ बातचीत फिर बेनतीजा

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 1 अगस्त।
डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स (DBC) कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। मंगलवार को एडीशनल कमिश्नर सुनील भादू व अन्य अधिकारियों और मेयर के साथ बातचीत एक बार फिर बेनतीजा रही। डीबीसी कर्मचारी अपनी हड़ताल पर अड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक लिखित में कोई ठोस विश्वास नहीं दिलाया जाता, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी।
मंगलवार को पूर्व महापौर जय प्रकाश डीबीसी कर्मचारियों के धरने पर पहुंचे और उन्हें संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली नगर निगम पर उनका अधिकार था तब उन्होंने डीबीसी कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने के लिए प्रयास किये थे। लेकिन तब दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने डीबीसी कर्मचारियों को पक्का करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। अब आम आदमी पार्टी नगर निगम की सत्ता में है, इसके बावजूद कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जा रहा है।
इससे पूर्व डीबीसी कर्मचारियों के संगठन एंटी मलेरिया एकता कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि मंडल ने एडीशनल कमिश्नर सुनील भादू और अन्य आला अधिकारियों के साथ मुलाकात की। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों का दावा है कि निगम अधिकारी अब भी अड़ियल रवैया अपनाये हुए हैं। जिसकी वजह से बैठक बेनतीजा रही।
उसके बाद मेयर शैली ओबरॉय ने भी हड़ताली डीबीसी कर्मचारियों के साथ बैठक की । इस बैठक में मेयर ने जल्दी ही का सॉल्यूशन निकालने आश्वासन दिया। लेकिन कर्मचारियों ने कहा कि अब आश्वासन से पेट नहीं भरता। एसोसिएशन के अध्यक्ष देवानंद शर्मा ने कहा कि जब तक डीबीसी कर्मचारियों की मागों को लिखित में कोई ठोस आश्वासन नहीं मिल जाता, तब तक उनकी ह़ड़ताल जारी रहेगी।