निगम चुनावः BJP, CONGRESS, AAP छोड़ने वालों पर लटकी तलवार… रोटेशन ने किया बंटाधार

-कांग्रेस व बीजेपी छोड़ आम आदमी पार्टी में शामिल होने वाले पार्षदों के टिकट मुश्किल में
-चुनाव आते-आते एक बार फिर मच सकती है वर्तमान पार्षदों में भगदड़

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
सत्ता के घोड़े पर सवारी का मौका देखकर दल-बदलने वाले निगम पार्षद अब मुश्किल में फंस गये हैं। इनमें से ज्यादातर वह निगम पार्षद हैं जो पिछले एक-डेढ़ साल में कांग्रेस और बीजेपी छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी की गई रोटेशन लिस्ट ने इनका टिकट मुश्किल में डाल दिया है। पार्टी बदलने वाले पार्षदों में से सभी की सीट या तो महिला से सामान्य हो गई है, या फिर महिला या सामान्य से अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गई है। ऐसे में एक-दो को छोड़कर ज्यादातर का टिकट खतरे में पड़ गया है। हालांकि एक-दो लोगों को इस रोटेशन ने फायदा भी पहुंचाया है।

यह भी पढ़ेंः “आरोपी” डॉक्टर को सोंपी घपले की जांच… उत्तरी दिल्ली निगम का कारनामा

उत्तरी दिल्ली के वार्ड संख्या 12 तिमारपुर से कांग्रेस की निगम पार्षद अमरलता सांगवान ने पिछले दिनों बीजेपी का दामन थाम लिया था, लेकिन अब उनकी तिमारपुर सीट महिला से अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित हो गई है, अतः वह यहां से चुनाव नहीं लड़ सकेंगी। माना जा रहा है कि बीजेपी उनके लिए किसी दूसरी सीट से लड़ाने का विचार भी नहीं कर पायेगी, क्योंकि फिर पार्टी में ही बड़ा विरोध शुरू हो सकता है।

यह भी पढ़ेंः इस सप्ताह सूर्य का राशि परिवर्तन… जानें किसके ऊपर क्या होगा असर?

इसी तरह कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुई मलकागंज वार्ड 13 से निगम पार्षद गुड्डी देवी की सीट अनुसूचित जाति से सामान्य की श्रेणी में आ गई है। अब आम आदमी पार्टी के पास यहां से चुनाव लड़ाने के लिए कई दूसरे दावेदार आ गये हैं, ऐसे में उनका टिकट भी खतरे में पड़ सकता है। वार्ड संख्या 21 जहांगीर पुरी से कांग्रेस पार्षद रहीं पूनम बागड़ी की सीट पहले महिला थी जो अब बदलकर अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए आरक्षित हो गई है, इसका उन्हें कुछ फायदा मिल सकता है, क्योंकि वह खुद अनुसूचित जाति वर्ग से आती हैं।

यह भी पढ़ेंः सेलरी मांगी तो जारी कर दिया टर्मिनेशन लैटर… ईडीएमसी के डॉक्टर्स की हड़ताल का मामला

उत्तरी दिल्ली नगर निगम में नागल ठाकरान वार्ड संख्या 29 से निगम पार्षद पूरम सहरावत ने बीजेपी छोड़कर आम आदमी पार्टी ज्वॉइन कर ली थी, लेकिन अब उनकी सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गई है। इसी तरह बीजेपी की पार्षद रहीं सविता खत्री ने भी पार्टी छोड़कर आप ज्वॉइन कर ली थी, लेकिन उनकी सीट पहले महिलाओं के लिए आरक्षित थी, अब यह सीट सामान्य की श्रेणी में आ गई है। ऐसे में आप के पास दूसरे कई दावेदार यहां से तैयारी में जुट गये हैं।
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में बीजेपी की पार्षद रहीं आरती यादव ने भी पार्टी छोड़कर आप का दामन थाम लिया था। वह दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के 49 नंबर कापसहेड़ा वार्ड से निगम पार्षद हैं। लेकिन अब उनका वार्ड भी महिला से बदलकर सामान्य हो गया है। ऐसे में उन्हें भी अपने टिकट के लिए संघर्ष करना पड़ सकता है। आरती यादव ने निर्दलीय लड़कर चुनाव जीता था और बाद में बीजेपी में शामिल हो गई थीं।

यह भी पढ़ेंः डॉक्टर ने मरीज के पेट में छोड़ी ड्रैसिंग… गिरिधर लाल हॉस्पिटल का कारनामा

यही स्थिति पूर्वी दिल्ली नगर निगम के बीजेपी पार्षद राजकुमार बल्लन, रेखा दीक्षित और आप पार्षद साहिस्ता के साथ हुआ है। बीजेपी छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए राजकुमार बल्लन का वार्ड संख्या 47 ब्रह्मपुरी अब सामान्य से महिलाओं के लिए आरक्षित हो गया है। बताया जा रहा है कि वह यहां से अब अपने बेटे की पत्नी के लिए टिकट मांग सकते हैं। वहीं रेखा दीक्षित का वार्ड संख्याः 22 अनारकली भी महिला से बदलकर सामान्य श्रेणी में आ गया है, उनके साथ उनके पति श्रवण दीक्षित ने भी आप ज्वॉइन की थी, आम आदमी पार्टी अब श्रवण दीक्षित के नाम पर विचार कर सकती है। वार्ड संख्याः 64 श्रीराम कालोनी पहले महिलाओं के लिए आरक्षित था लेकिन अब सामान्य की श्रेणी में आ गया है, ऐसे में इस वार्ड में भी आम आदमी पार्टी में दावेदारों की कमी नहीं है।

पूर्वी दिल्ली में कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल होने वाले निगम पार्षद गीतिका लूथरा और शकीला अफजाल के साथ भी कुछ यही हुआ है। गीमिका लूथरा का वार्ड संख्या 30 झिलमिल पहले महिला के लिए आरक्षित था, अब यह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गया है, ऐेसे में उनके पति और पूर्व पार्षद पंकज लूथरा भी इस सीट से चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। बीएसपी पार्षद रहीं शकीला अफजाल का वार्ड संख्याः 42 सीलमपुर पहले महिलाओं के लिए आरक्षित था, अब यह वार्ड सामान्य की श्रेणी में आ गया है, इसलिए उन्हें आप के टिकट के लिए संघर्ष करना पड़ सकता है। वहीं घड़ौली वार्ड संख्याः 6 से बीएसपी पार्षद रहीं जुगनू चौधरी ने भी आप का दामन थाम लिया था, अब उनका वार्ड महिला से अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए आरक्षित हो गया है। ऐसे में उनका टिकट भी खतरे में पड़ गया है।
मुकेश गोयल को मिला फायदा
बीते 25 वर्षों से निगम पार्षद का चुनाव जीतते आ रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे मुकेश गोयल ने हाल ही में आम आदमी पार्टी ज्वॉइन की है। राज्य निर्वाचन आयोग की रोटेशन की लिस्ट ने उन्हें फायदा पहुंचाया है। उनका घरेलू वार्ड आदर्श नगर सामान्य की श्रेणी में आ गया है। जबकि उनका वर्तमान वार्ड सराय पीपलथला अब महिलाओं के लिए आरक्षित हो गया है। बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी उन्हें आदर्श नगर से सीट से चुनाव लड़ाने जा रही है। खास बात है कि मुकेश गोयल आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्ड्स से निगम का चुनाव लड़कर जीत चुके हैं। बीते 10 वर्षों से आदर्श नगर सीट महिलाओं के लिए आरक्षित थी। अब जाकर उन्हें फिर से आदर्श नगर सीट से चुनाव लड़ने का मौका मिलने जा रहा है। हालांकि इस सीट से कांग्रेसी नेता व पूर्व मंत्री मंगतराम सिंघल के बेटे और बीजेपी से जिला अध्यक्ष राजकुमार भाटिया भी चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।