निगम चुनावः दिल्ली BJP ने हिमांचल से वापस बुलाई नेताओं की टीम… दिसंबर में होंगे निगम चुनाव!

-राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की रैली की तैयारी में जुटी पूरी दिल्ली बीजेपी
-दिल्ली बीजेपी के नेताओं का एक बड़ा धड़ा नहीं चाहता कि अभी चुनाव कराये जायें
-16 अक्टूबर को रामलीला मैदान में जुटेंगे दिल्ली प्रदेश भाजपा के बूथ प्रमुख

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 6 अक्टूबर, 2022।
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी नगर निगम चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसके लिए पार्टी ने अपनी हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए कई सप्ताह पहले गई अलग अलग नेताओं की टीम को भी वहां से वापस बुला लिया है। अब सभी लोग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की रामलीला मैदान में होने वाली रैली की तैयारियों में जुट गये हैं।
बता दें कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में दिसंबर महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी के मद्देनजर दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की करीब दो दर्जन नेताओं की टीम हिमांचल प्रदेश भेजी गई थी। लेकिन इसी दौरान दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से वार्डों के परिसीमन की प्रक्रिया को अंजाम दे दिया है। इसके पश्चात हिमाचल प्रदेश गई पूरी टीम दिल्ली वापस आ गई है।
पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है कि अब दिसंबर महीने में दिल्ली नगर निगम के चुनाव कराये जा सकते हैं। प्रदेश नेतृत्व ने इसको लेकर गंभीरता के साथ तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। दरअसल रामलीला मैदान में 16 अक्टूबर को होने वाली रैली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा बूथ प्रमुखों को संबोधित करेंगे। दरअसल इससे पहले भी दो बार इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी कर चुकी है। अतः पार्टी का एक धड़ा मान रहा है कि नगर निगम चुनाव दिसंबर महीने में तय हैं।
रामलीला मैदान से ही हुई थी इस तरह के कार्यक्रमों की शुरूआत
बता दें कि साल 2020 के विधानसभा चुनाव से पहले भी इस तरह की रैली का आयोजन आईटीओ के पास स्थित इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडिडियम में किया गया था। उस कार्यक्रम में भी आधिकारिक तौर पर बूथ प्रमुखों को ही बुलाया गया था। तत्कालीन राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने सकारात्मक दावे किये थे। उससे पहले इसी तरह के कार्यक्रम आयोजन पन्ना प्रमुखों के के नाम पर रामलीला मैदान में किया गया था। हालांकि इस मामले में भी दिल्ली बीजेपी के कई नेता अपने बारे में कई तरह के दावे करते नहीं थकते हैं। हालांकि ऐसे दोनों कार्यक्रमों मे पार्टी के एक ‘सबसे बड़े’ नेता शामिल रहे हैं।