दिल्ली बीजेपी में कॉरपोरेट कल्चर खत्म… आदेश गुप्ता बने प्रदेश अध्यक्ष

-नगर निगम ने दिया दिल्ली बीजेपी को तीसरा प्रदेश अध्यक्ष
-विधानसभा चुनाव के बाद से चल रही थी तिवारी को हटाने की चर्चा

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी में कॉरपोरेट कल्चर खत्म हो गई है। पार्टी नेतृत्व ने पूर्व महापौर आदेश गुप्ता को दिल्ली बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। मंगलवार को आदेश गुप्ता की नियुक्ति का आदेश जारी किया गया। खास बात है कि एक ओर मनोज तिवारी दिल्ली बीजेपी कार्यालय में सवांदादाताओं के साथ मुखातिब थे, दूसरी ओर केंद्रीय कार्यालय से उन्हें हटाए जाने का फरमान जारी किया जा रहा था। इसके साथ ही पार्टी नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ का अध्यक्ष विष्णुदेव साय को नियुक्त किया है।

यह भी पढ़ेंः- NORTH DMC: अधिकारियों का ट्रांसफर-पोस्टिंग पर जोर… दागी के हाथों सोंपी कोरोना से निपटने की बागडोर

बता दें कि दिल्ली नगर निगम ने दिल्ली बीजेपी को तीसरा अध्यक्ष दिया है। आदेश गुप्ता से पहले विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय यह जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। विजेंद्र गुप्ता को बीजेपी ने 15 मई 2010 को प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। इससे पहले वह निगम पार्षद थे। इसके बाद जुलाई 2014 में सतीश उपाध्याय को प्रदेश बीजेपी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह भी निगम पार्षद रहे हैं। अब 2 जून 2020 को आदेश गुप्ता को प्रदेश बीजेपी की कमान सोंपी गई है।

यह भी पढ़ेंः- NORTH DMC: खुद से सीनियर अधिकारी को ओएसडी बना डाला… अफसरों का एक और कारनामा

बताया जा रहा है कि मनोज तिवारी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से पार्टी में कार्यकर्ता कल्चर खत्म हो गया था और कॉरपोरेट कल्चर शुरू हो गया था। पार्टी के ज्यादातर कार्यक्रम पार्टी कार्यालय से हटकर पहले नॉर्थ एवेन्यू और बाद में मदर टेरेजा क्रीसेंट रोड स्थिति उनके आवास पर पहुंच गए थे। लोगों का यह भी कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष तक आम कार्यकर्ताओं की पहुंच खत्म हो गई थी। करीब दो साल बाद दिल्ली में नगर निगम का चुनाव होना है। माना जा रहा है कि पार्टी ने इसे ध्यान में रखकर गुप्ता को अध्यक्ष बनाया है। दूसरी ओर दिल्ली का व्यापारी वर्ग भी पार्टी से बिलकुल कट गया है। आदेश गुप्ता के अध्यक्ष बनने के बाद एक बार फिर से व्यापारी वर्ग के वापस लौटने की उम्मीद की जा रही है।
एबीवीपी से शुरू किया सफर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीति की शुरुआत करने वाले आदेश गुप्ता मूलरूप से ऊत्तर प्रदेश कन्नौज के रहने वाले हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा व भाजपा में कई पदों पर रह चुके हैं। चुनावी राजनीति की शुरुआत उन्होंने महज तीन साल पहले की थी। वर्ष 2017 में वेस्ट पटेल नगर से पहली बार नगर निगम का चुनाव जीतकर पार्षद बने। इसके बाद 2018 में उन्हें उत्तरी दिल्ली नगर निगम का महापौर बनाया गया था।
कन्नौज से दिल्ली का सफर
आदेश गुप्ता मूल रुप से उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के गुरसहायजंग के रहने वाले हैं। उन्होंने कानपुर के छत्रपति साहू जी महाराज विश्वविद्यालय बीएससी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके बाद वह दिल्ली चले आए थे। दिल्ली में नौकरी की तलाश में आए आदेश गुप्ता ने पहले ट्यूशन पढ़ाना शुरू किया था। बाद में अपना व्यवसाय शुरू किया। अब वह दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पद पर हैं।