दिल्ली में कोरोना का आंकड़ा 50 हजार के पार

-पहली बार एक दिन में मिले कोरोना के 3137 नए मरीज
-दिल्ली में बढ़ा टैस्ट का दायरा और मरीजों की संख्या

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते 24 घंटों में रिकॉर्ड 3137 नए पॉजिटिव केस आए और 66 मरीजों की मौत हो गई है। अब तक सामने आये संक्रमण के मामलों में यह संख्या सबसे ज्यादा है। इससे पहले गुरुवार को 2877 मरीजों में कोरोना संक्रमण कि पुष्टि हुई थी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कोरोना के शिकार हुए लोगां की संख्या तेजी से बढ़ेगी।

यह भी पढ़ेंः- दिल्ली बीजेपी में लंबे समय से पद हथियाते चले आ रहे नताओं की होगी छुट्टी!

हालांकि शुक्रवार को राहत की बात यह रही कि 1828 मरीजों को इलाज के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दिल्ली में अब कुल संक्रमितों की संख्या 53116 हो गई है। जबकि 2035 मरीजों की मौत हो चुकी है। हेल्थ बुलेटिन में बताया गया कि कोविड अस्पतालों में 10961 मरीजों को भर्ती करने की क्षमता है और इस समय कुल 5883 मरीज भर्ती हैं।

यह भी पढ़ेंः- SOUTH DMC: मई में किया ऑक्शन और मार्च के नो ड्यूज पर दे दिए पार्किंग के ठेके

कोविड केयर सेंटर में 1143 और हेल्थ सेंटर में 139 मरीजों का इलाज चल रहा है। दिल्ली में बनाए गए हेल्थ सेंटर में 344 और कोविड केयर सेंटर्स में 5974 मरीजों को रखने की क्षमता है। हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक शुक्रवार को 13074 लोगों की कोरोना जांच की गई। दिल्ली में प्रति 10 लाख की आबादी पर अब 17598 लोगों की जांच की जा रही है।
42.69 फीसदी हुई रिकवरी की दर
दिल्ली में करीब दो सप्ताह बाद रिकवरी दर 40 फीसदी से ज्यादा हो गई है। वर्तमान में कुल 53116 संक्रमितों में से 23569 मरीज ठीक हो चुके हैं। रिकवरी दर करीब 43 फीसदी हो गई है। इससे पहले 13 दिन से यह दर 40 फीसदी से नीचे चल रही थी।