पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम बढ़ाने के विरोध में बीजेपी मुख्यालय पर कांग्रेस का प्रदर्शन

-भाजपा पूंजीपतियों के समर्थन में मंहगाई प्रेमी बन गई हैः कांग्रेस
-कांग्रेस शासन के दौरान महंगाई को डायन बताती थी भाजपाः कांग्रेस

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम बढ़ाने के विरोध में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय पर एकत्रित होकर भाजपा पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय की ओर कूच किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में भाजपा विरोधी, मंहगाई विरोधी नारे लिखी तख्तियां ली हुई थी और ‘‘मोदी सरकार का यह खेल-मंहगी गैस, मंहगा तेल’’, ‘‘भाजपा की सरकार जब से आई, मंहगाई लाई है’’, ‘‘मंहगाई का खेल, सिलेंडर उछला-मंहगी रेल’’, आदि गगनचुंबी नारे लगा रहे थे और बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने अपने सिर पर गैस सिलेंडर लेकर प्रदर्शन किया।

यह भी पढ़ें- इस सप्ताह कैसी है सितारों की चाल… जानें अपनी राशि का हाल

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार के संरक्षण में तेल कम्पनियां बेलगाम हो गई हैं और दुनिया के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है जब आधे महीने से भी अधिक से प्रतिदिन पेट्रोल, डीजल के दरों में लगातार वृद्धि हो रही है और पिछले सवा महीने में गैस सिलेंडर पर 125 रुपये की वृद्धि के साथ सिलेंडर 819 रुपये का हो गया है। भाजपा की मोदी सरकार की उपलब्धि है कि एक महीने में चार बार गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए है। कोरोना महामारी और आर्थिक तंगी झेल रहे दिल्लीवासी चौतरफा मंहगाई से त्राहिमाम कर रही है।

यह भी पढ़ें- एसडीएमसीः अधिकारियों ने खरीद डाले पुराने मानकों के 32 ट्रक… अब बिना रजिस्ट्रेशन के खा रहे जंग!

कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि जब केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब यदि पेट्रोल, डीजल पर 20-30 पैसे भी बढ़ाये जाते थे तब भाजपा के वरिष्ठ नेता सड़कों पर उतर कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ मंहगाई को डायन बताते थे और गैस सिलेंडर के दामों पर हुई मामूली वृद्धि पर भाजपा नेताओं का विरोध प्रदर्शन आज सभी को याद है, शायद भाजपा अपना समय भूल गई और सत्तासीन होने पर मंहगाई उनकी प्रेमी बन गई है। आज मंहगाई ने पिछले सभी रिकार्ड तोड़ दिए है।

यह भी पढ़ें- संकट में SDMC के 6400 पार्कों की हरियाली… दिल्ली जल बोर्ड ने काटा पानी!

पेट्रोल जहां 100 के पार पहुच रहा है, डीजल भी 90 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है और भाजपा के शासन में गैस सिलेंडर के दाम कांग्रेस शासन की तुलना में लगभग दुगने हो गए है। महानगरों और बड़े शहरों में लगातार कीमतों में बढ़ौत्तरी के बाद सिलेंडर पर सब्सिडी बंद हो गई है, दिल्ली में उपभोक्ताओं को एलपीजी पर कोई सब्सिडी नही मिलती। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकल ट्रेन के रेल किरायों में भी लगभग 300 प्रतिशत की वृद्धि की, दिल्ली में लोकल ट्रेन में सफर करने वालों को अब लगभग मेट्रो किराए के बराबर ही किराया देना पड़ेगा।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज बढ़ती मंहगाई और आर्थिक तंगी के चलते लोगों को जीविका पालन करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल भी दिल्लीवासियों को राहत देने के लिए कोई पहल नही कर रहे है, लागातार बढ़ती कमरतोड़ मंहगाई पर वे लम्बी चुप्पी साधे हुए है। छोटे-छोटे मुद्दों पर धरना प्रदर्शन करने वाली आम आदमी पार्टी के मुखिया आज बढ़ती मंहगाई पर भाजपा की मोदी सरकार के खिलाफ कोई गतिविधि नही कर रहे है। अरविन्द केजरीवाल भाजपा के इशारे पर काम कर रहे है, उन्हें दिल्ली की जनता से कोई लेना देना नही है वे भाजपा की बी-टीम के रुप में काम कर रहे है।
प्रदर्शनकारियों को प्रमुख रूप से कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष जय किशन, मुदित अग्रवाल, अली मेंहदी, शिवानी चौपड़ा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमृता धवन, पूर्व विधायक चौधरी मतीन अहमद, राजेश लिलौठिया, अमरीश गौतम, हरी शंकर गुप्ता, विजय लोचव, वीर सिंह धींगान, कुंवर करण सिंह, देवली का पूर्व विधायक अरविंदर सिंह लवली, जिला अध्यक्ष हरी किशन जिंदल, दिनेश कुमार एडवोकेट, गुरचरण सिह राजू, मौहम्मद उस्मान, विष्णु अग्रवाल, राजेश चौहान और कैलाश जैन, परवेज आलम, एडवोकेट सुनील कुमार कमलकांत शर्मा, डी.पी. मौर्या, पूर्व निगम पार्षद पुष्पा सिंह सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एन.एस.यू.आई., सेवादल, सेल एवं विभागों के कार्यकर्ता भी मौजूद थे।