-गुरूवार को 4 डिग्री तक गिरा पारा, 12 व 13 दिसंबर को येलो अलर्ट
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 12 दिसंबर।
दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में आई अचानक शीत लहर ने लोगों को परेशान कर दिया है। कड़ाके की ठंड ने बीते 14 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरूवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक पहुंच गया। शुक्रवार को पार और भी नीचे गिर सकता है। मौसम विभाग ने 12 एवं 13 दिसंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विवाग ने कहा है कि सर्द हवाओं के चलते दिल्ली-एनसीआर में शीत लहर की स्थिति उत्पन्न हो गई है। 13 दिसंबर से शीत लहर की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि दिसंबर महीने की शुरूआत में न्यूनतम तापमान बीते 14 वर्षों में पहली बार 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर उत्तर भारत के कई राज्यों में देखने को मिल रहा है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह और शाम के समय बेहद ठंड महसूस की जा रही है। हालांकि दिन के समय तेज धूप निकलने की वजह से मौसम कुछ अच्छा हो जाता है।
13 दिसंबर के बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग ने कहा है कि 13 दिसंबर के बाद और 17 दिसंबर के बीच तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। 13 दिसंबर को तापमान 4 डिग्री से 23 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। 14 और 15 दिंसबर को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री रहने की उम्मीद है। 16 और 17 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।