चांदनी चौकः बिल्डर माफिया का राज… फतेहपुरी चौक पर निगम अधिकारियों की नाक के नीचे खड़ा कर दिया अवैध निर्माण!

-संपत्ति संख्याः 653-654 काके दी हट्टी के ऊपर अवैध रूप से बना डाले दो फ्लोर
संपत्ति संख्या 653-654 पर अवैध निर्माण की 20 दिन पूर्व की स्थिति

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
एक ओर जहां पुराने अवैध निर्माणों को लेकर नगर निगम के कुछ अधिकारी-बिल्डर माफिया और सत्ताधारी दल के कुछ नेता पहले से विपक्ष के निशाने पर हैं, दूसरी ओर अब भी बिल्डरों का माफिया राज अब भी कायम है। ताजा मामला उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सिटी-सदर पहाड़गंज जोन का है। यहां निगम के आला अधिकारियों की नाक के नीचे देखते ही देखते एक संपत्ति में अवैध निर्माण के जरिये दो फ्लोर डाल दिये गये। बताया जा रहा है कि इस इमारत के ग्राउंट फ्लोर की दीवारें बेहद कमजोर और दशकों पुरानी हैं। इसके बावजूद निगम अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की।

यह भी पढ़ेंः बिल्डर माफिया के खिलाफ कार्रवाई… सील किया 13/13 का शॉपिंग कॉम्पलेक्स… A2Z NEWS की खबर का असर

संपत्ति संख्या 653-654 पर अवैध निर्माण की 6 अक्टूबर की स्थिति

प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुरानी दिल्ली के खारी बावली और चांदनी चौक के बीच स्थित फतेहपुरी चौक के पास बिल्डर माफिया ने इस काम को अंजाम दिया है। यहां की संपत्ति संख्याः 653-654 यानी ‘काके दी हट्टी’ नामक होटल के ऊपर अवैध रूप से दो फ्लोर डाल दिये गये। बताया जा रहा है कि अवैध निर्माण शुरू होते ही इसकी सूचना सिटी-सदर पहाड़गंज जोन की डिप्टी कमिश्नर सहित अन्य अधिकारियों को दी गई, लेकिन फिर भी इस अवैध निर्माण के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।

यह भी पढ़ेंः दिल्लीः बीजेपी के पूर्व मेयर के घर पर फिर हुआ हमला… बिल्डर लॉबी अपने घरों से गायब

एक ओर जहां नगर निगम में सत्ताधारी दल बीजेपी के नेता निगम में फैले भ्रष्टाचार को मानने के लिए तैयार नहीं हैं। उनका दावा है कि नगर निगम मे वह जीरो टोलरेंस की नीति पर चल रहे हैं, दूसरी ओर बिल्डर माफिया ने निगम अधिकारियों के साथ मिलकर खुलेआम भ्रष्टाचार फैला रखा है। सूत्रों का कहना है कि 15-20 दिन पूर्व इसकी सूचना निगम उपायुक्त को दे दी गई थी। इसके बावजूद देखते ही देखते काके दी हट्टी के ऊपर यह इमारत खड़ी हो गई।

बिल्डर माफिया का है मशहूद फालूदा व आइसक्रीम का कारोबार
बताया जा रहा है कि संपत्ति संख्या 653-654 में कराये जा रहे अवैध निर्माण से जुड़े बिल्डर माफिया का फतेहपुरी चौक पर ही फालूदा और आइसक्रीम का कारोबार है। हनक इतनी है कि नगर निगम के छोटे अधिकारी तो उसके अवैध निर्माण की ओर झांक ही नहीं सकते। बताया यह भी जा रहा है कि यह अवैध निर्माण सिटी-सदर पहाड़गंज जोन के कुछ बड़े अधिकारियों और कुछ नेताओं की मिलीभगत के साथ किया जा रहा है।
अवैध निर्माण शुरू होते ही की गई थी शिकायत
बताया जा रहा है कि फतेहपुरी चौक पर स्थित संपत्ति संख्याः 653-654 में हो रहे अवैध निर्माण की शिकायत जोन की डिप्टी कमिश्नर सहित निगम के अन्य अधिकारियों को इसकी शुरूआत में ही कर दी गई थी। लेकिन मोटे चढ़ावे की वजह से निगम अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। अब यहां ग्राउंड व फर्स्ट फ्लोर के ऊपर सैकिंड व थर्ड फ्लोर डाल दिया गया है। इसके साथ ही इसके ऊपर एक और फ्लोर डाले जाने की तैयारी है। इससे पहले इसके बराबर की बिल्डिंग में भी इसी तरह अवैध निर्माण के जरिये इमारत खड़ी की जा चुकी है।
करोलबाग जोन में सीलिंग और सिटी-सदर में निर्माण
बता दें कि अवैध निर्माण के कई मामले सामने आने के बाद करोलबाग जोन में बिल्डिंग विभाग के अधिकारियों द्वारा सीलिंग अभियान शुरू किया गया है। ऐसे में सिटी-सदर पहाड़गंज जोन में धड़ल्ले से चल रहे अवैध निर्माण कुछ और ही इशारा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि जोन में इस तरह के अवैध निर्माणों के जरिये करोड़ों को खेल किया जा रहा है। यह पैसा बिल्डर माफिया के साथ कुछ निगम अधिकारियों और नेताओं की जेबों में जा रहा है।
आला अधिकारियों की चुप्पी
धड़ल्ले से चल रहे इस अवैध निर्माण के बारे में जब सिटी-सदर पहाड़गंज जोन के एक आला अधिकारी से जानकारी मांगी गई तो उन्होंने इस पर चुप्पी साध ली। उक्त अधिकारी से 5 अक्टूबर और 7 अक्टूबर को संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। अब देखना यह है कि अब भी इस अवैध निर्माण के खिलाफ निगम अधिकारी कोई कार्रवाई कर पाते हैं या फिर पैसे का वजन इतना ज्यादा है कि उनका मुंह आगे भी बंद ही रहेगा।