-एन बिरेन सिंह ने दिलाई बीजेपी की सदस्यता
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। पूर्वोत्तर में अपनी जमीन तलाश रही कांग्रेस के एक बड़े नेता ने रविवार को बीजेपी का दामन थाम लिया। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह की मौजूदगी में मणिपुर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गोविंददास कोंटौजम ने आज भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्हें दिल्ली स्थित पार्टी दफ्तर में पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा भी मौजूद रहे।
मणिपुर के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता एन बीरेन सिंह ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने उत्तर पूर्व की देखभाल की है, और हाल ही में इस क्षेत्र के पांच नेताओं को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। मणिपुर ने मोदी सरकार को मजबूत बनाने का वादा किया है। भाजपा में शामिल होने पर गोविंददास कोंटौजम ने कहा कि अगले साल मणिपुर में राज्य के चुनाव होने हैं, और मैं उन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के लिए समर्पित रूप से काम करूंगा।
यह भी पढ़ेंः- कांग्रेस की गले की हड्डी साबित होंगे सिद्धू!
माना जा रहा है कि मणिपुर की सियासत में बीजेपी ने बड़ी छलांग लगाई है। बताया जा रहा है कि गोविंददास कोंटौजम के साथ कांग्रेस के अधा दर्जन से ज्यादा वर्तमान विधायक भी हैं। जल्दी ही वह विधायक भी कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। बता दें कि कोंटौजम छह बार विधायक और राज्य के उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। वह अब भी विधायक हैं और आने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरेंगे।
यह भी पढ़ेंः- इस सप्ताह किसका बदलेगा पता और किसको मिलेगी शोहरत? यहां जानें अपने बारे में सब कुछ
रविवार की सुबह ही राज्यसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी ने ट्वीट किया था कि दोपहर 12 बजे एक प्रतिष्ठित शख्सियत पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। हालांकि उन्होंने नाम की घोषणा नहीं की थी। इसके बाद कयासों का दौर शुरू हो गया। लोग तरह-तरह के नामों का जिक्र ट्विटर पर करने लगे। हाल के दिनों में कांग्रेस के कई बड़े नेता बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। उनमें जितिन प्रसाद का नाम सबसे अहम है। उनकी ज्वाइनिंग से पहले भी इसी तरह कयासों का बाजार गरमा गया था।