बीजेपी का ऐलान… पंजाब में सभी सीटों पर अकेले लड़ेंगे चुनाव

-कृषि कानूनों के विरोध के बीच राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने किया बड़ा ऐलान

एसएस ब्यूरो/ चंडीगढ़
भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। पार्टी के संगठन महासचिव बीएल संतोष ने कहा है कि पार्टी प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बीएल संतोष राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई के साथ बैठक करने यहां पहुंचे थे। पंजाब में इससे पहले बीजेपी अकाली दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ती रही है। लेकिन राज्य में केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के विरोध को देखते हुए अकाली दल ने पिछले साल ही साथ छोड़ दिया था।

यह भी पढ़ेंः- बच्चों के मिड-डे मील पर फंसी बीजेपी… एक साल से नहीं मिला मिड डे मील… निगम के साथ प्रदेश नेतृत्व पर सवालिया निशान!

अकाली दल ने अब बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के साथ गठबंधन कर लिया है। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी (आप) भी कांग्रेस से राज्य की सत्ता छीनने की कोशिश में जुटी है। बीएल संतोष ने पार्टी के राज्य इकाई के पदाधिकारियों और अन्य नेताओं के साथ भी बैठक की। उन्होंने इस दौरान प्रदेश की राजनीति पर चर्चा की। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बीएल संतोष ने कहा कि देश में भाजपा की लहर है और पंजाब की जनता राज्य में भी भाजपा की सरकार बनाने की इच्छुक है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में सभी 117 सीटों पर विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी और लोगों के सहयोग से 2022 में होने वाला विधानसभा चुनाव जीतेगी।

यह भी पढ़ेंः- बीजेपीः प्रमोशन के बजाय डिमोशन की कहानी… गिने चुनों पर फिर से मेहरबानी!

बीएल संतोष ने कहा कि पूरा विपक्ष मिलकर चाल चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने का प्रयास कर रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। कृषि कानूनों के खिलाफ विपक्ष का गलत प्रचार जल्दी ही खत्म हो जाएगा क्योंकि किसानों को यह महसूस हो गया है कि इन कानूनों से समृद्धि आएगी।
बता दें कि पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के किसान तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर धरना दे रहे हैं और इन्हें वापस लिए जाने की मांग कर रहे हैं। बीएल संतोष ने कहा कि मोदी हमेशा से किसानों के समर्थक रहे हैं और कृषि क्षेत्र का हित उनकी और उनकी सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिये कई कदम उठाए हैं। इस मौके पर बीएल संतोष के साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम, पंजाब के भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा एवं अन्य नेता मौजूद रहे।