मेयर चुनाव के चुनाव में BJP ने मारी बाजी, सौरभ जोशी के सिर सजा मेयर का ताज

-आप को 11 और कांग्रेस की झोली में आये 7 वोट

एसएस ब्यूरो/ चंडीगढ़ः 29 जनवरी।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मेयर पद के चुनाव में अपना परचम लहराया है। पार्टी के सौरभ जोशी चंडीगढ़ के नए मेयर चुन लिए गए हैं। पिछले साल के विवादों से सबक लेते हुए इस बार प्रशासन ने वोटिंग के लिए हाथ उठाकर मतदान करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया, जिसकी निगरानी पीठासीन अधिकारी रमनीक सिंह बेदी ने की। 1996 के बाद पहली बार हाथ उठाकर हुई वोटिंग में बीजेपी को 18, आप को 11 और कांग्रेस को 7 वोट हासिल हुए।
चंडीगढ़ नगर निगम के हाउस में गुरूवार को मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए मतदान हुआ। जीत के लिए जादुई आंकड़ा 19 वोट का था और तीनों प्रमुख सियासी दलों बीजेपी, कांग्रेस और आम आम आदमी पार्टी ने किसी के साथ गठबंधन के बजाय अलग अलग चुनाव लड़ा।
मतदान के बाद घोषित किये गये नतीजों में बीजेपी के सौरभ जोशी को 18 वोट हासिल हुए, जबकि आम आदमी पार्टी के योगेश ढींगरा को 11 और कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह गब्बी को 7 वोट हासिल हुए। इनमें 6 पार्षद और एक वोट सांसद मनीष तिवारी का शामिल था। गौरतलब है कि बहुमत के लिए 19 वोट की आवश्यकता था, परंतु त्रिकोणीय मुकाबले में सबसे ज्यादा 18 वोट प्राप्त करने पर सौरभ जोशी को महापौर के पद पर विजयी घोषित किया गया।
बता दें कि 1996 के बाद पहली बार बैलेट पेपर के बजाय पार्षउदों ने हाथ उठाकर और मौखिक घोषणा के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सभी पार्षदों ने अपने वोट के बाद दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी किये। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सदन में उपस्थित होकर वोट दिया। मतदान से पूर्व उन्होंने अपनी पार्टी के उम्मीदवारों से मिलकर उनका हौसला भी बढ़ाया। पीठासीन अधिकारी रमनीक सिंह ने पारदर्शिता के लिए सख्त मानक संचालन प्रक्रिया लागू की थी, ताकि पिछली बार जैसी धांधली की कोई गंजाइश नहीं रहे।