मलकागंज की घटना के लिए भाजपा जिम्मेदार, अवैध निर्माण की लिखित जानकारी के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं

-भाजपा नेताओं ने बिल्डर से पैसे खाएं, 302 के अंदर मुकदमा हो और फांसी की सजा हो: दुर्गेश पाठक

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक और उत्तरी दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष विकास गोयल ने कहा कि मलकागंज की घटना के लिए भाजपा जिम्मेदार, अवैध निर्माण की लिखित जानकारी के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं। 2 तारीख को आप पार्षदा ने भाजपा को इमारत में अवैध निर्माण और खतरे की लिखित जानकारी दी लेकिन भाजपा चुप रही। उन्होंने कहा, भाजपा नेताओं ने बिल्डर से पैसे खाएं हैं इसलिए उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं कि। आम आदमी पार्टी मांग करती है कि 302 के अंदर मुकदमा हो और फांसी की सजा हो।
आम आदमी पार्टी के एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। दुर्गेश पाठक ने कहा कि कल आपने देखा कि एक अनहोनी घटना घटी। दिल्ली में मलका गंज वार्ड में एक 4 मंजिला इमारत ढह गई जो कि लगभग 75 साल पुरानी थी। वहां पर अवैध निर्माण हो रहा था जिसके कारण इमारत गिरी और कई लोग घायल हो गए। दुर्भाग्य से 2 बच्चों की मौत तक हो गई। हम यहां राजनीति करने नहीं आए हैं लेकिन कुछ ऐसे तथ्य और जानकारी है जो हमें लगता है कि दिल्ली की जनता को पता होना चाहिए। दिल्ली में किस भवन का निर्माण हो रहा है, उसका नक्शा और निर्माण की प्रक्रिया ठीक से हो रही है कि नहीं, यह सब कुछ भारतीय जनता पार्टी की एमसीडी के अंदर आता है। दिल्ली में जितने भी मकान बनते हैं उन सभी मकानों का लेखा-जोखा भारतीय जनता पार्टी की एमसीडी रखती है। नक्शे से बन रहे हैं, वैध तरीके से बन रहे हैं या अवैध तरीके से बन रहे हैं, यह सब देखना भारतीय जनता पार्टी की एमसीडी की जिम्मेदारी है।
सबूत के तौर पर कुछ दस्तावेज पेश करते हुए आप नेता ने कहा, भारतीय जनता पार्टी की एमसीडी के नेता कह रहे हैं कि इमारत गिरी इसके बारे में उन्हें पता ही नहीं है। मैं आज आपके सामने भाजपा के इस झूठ के खिलाफ सबूत ले कर आया हूं। आम आदमी पार्टी की पार्षदा गुड्डी देवी ने 2 तारीख को कमिश्नर को एक पत्र लिखा और मेयर को जानकारी दी कि उनके पास लोकल आरडब्लूए के लोग आकर कह रहे हैं कि यहां पर गलत तरीके से निर्माण हो रहा है। उस सब्जी मंडी एसोसिएशन के चेयरमैन और सदस्य आकर कह रहे हैं कि यह निर्माण गलत तरीके से हो रहा है। यहां तक कि वहां के सभी निवासियों का भी यही कहना है। इस निर्माण कार्य के बारे में बताया जा रहा है कि रात में शटर बंद करके निर्माण का काम किया जाता था। हमारी पार्षदा ने कई बार मौखिक रूप से वार्ड की बैठकों में, वार्ड के चेयरमैन और मेयर, स्टैंडिंग कमिटी के चेयरमैन को इसके बारे में बताया लेकिन उनमें से किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की। 2 तारीख को उन्होंने यह पत्र लिखा कि इसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। यह निर्माण गलत तरीके से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, इसका मतलब है कि एमसीडी को इसकी पूरी जानकारी थी। स्टैंडिंग कमिटी के चेयरमैन हो या नॉर्थ एमसीडी में भारतीय जनता पार्टी के नेता हों, सभी को उसकी जानकारी थी कि इस तरह का निर्माण कार्य चल रहा है जो पूरी तरह से अवैध है। जिसका कोई नक्शा नहीं पास है और न ही इसकी जानकारी किसी के पास है। इसका मतलब है यह घटना अनजाने में नहीं घटी। यह घटना तो भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की मिलीभगत के कारण घटी है। आज जो दो बच्चों की मौत हुई है, मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कहता हूं कि इसके लिए भारतीय जनता पार्टी के नेता जिम्मेदार हैं। उनका भ्रष्टाचार जिम्मेदार है, उनका लालच जिम्मेदार है। आज इनके लोग पूरी दिल्ली में हर बिल्डिंग से पैसा लेकर जाते हैं। और मैं पूरे दावे के साथ कहता हूँ कि उस बिल्डर के साथ कोई न कोई सांठगांठ भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने कर रखी थी। उस बिल्डर से पैसे खाए होंगे इसीलिए उसके खिलाफ भाजपा ने कोई कार्रवाई नहीं की। और यदि आपके पास 2 तारीख से इसकी जानकारी थी, मौखिक रूप से तो उससे पहले से भी जानकारी थी। लेकिन 2 तारीख को आपके पास लिखित जानकारी आई लेकिन आपने कोई कार्रवाई नहीं की। मतलब साफ है कि भाजपा ने पैसे खाए हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने उस बिल्डर से पैसे खाए। जिसके कारण उन्होंने यह अवैध निर्माण कार्य होने दिया।
दुर्गेश पाठक ने कहा, बताया जा रहा है कि इतनी बड़ी मंजिल में नीचे से निर्माण कर चल रहा था। बताइए इस दुनिया में कौन सा ऐसा इंजीनियर होगा जो इतनी बड़ी इमारत में पहली मंजिल पर निर्माण कार्य करता है। किसी भी निर्माण कार्य के लिए सबसे पहले ऊपर की मंजिलों को तोड़ना पड़ता है उसके बाद ही नीचे निर्माण कार्य संभव है। तो यह घटना तो घटनी ही थी। जब शटर बंद करके निर्माण कार्य चल रहा है, तो इसका मतलब है कि काम चोरी से हो रहा है। और वहां की पार्षदा चीख-चीख कर कह रही है कि इसमें किसी की जान जा सकती है लेकिन भारतीय जनता पार्टी के लोग चुप रहे।
आप नेता ने भाजपा के खिलाफ शख्त कदम उठाने की मांग करते हुए कहा, भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और अधिकारियों के खिलाफ 302 के अंदर मुकदमा दर्ज होना चाहिए, फ़ास्ट ट्रैक कोड लगना चाहिए और इनको फांसी की सजा होनी चाहिए। आम आदमी पार्टी पूरी जिम्मेदारी से यह मांग करती है। यह दुर्घटना भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की मिलीभगत, उनके भ्रष्टाचार और उनके लालच के कारण हुआ है। मैं सीधे तौर पर वहां के भारतीय जनता पार्टी के जितने भी जिम्मेदार अधिकारी हैं, चाहे वह स्टैंडिंग कमिटी का चेयरमैन हो, वार्ड कमिटी का चेयरमैन हो, यह सभी इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं। तो मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ यह आरोप लगा रहा हूं। यह लोग पैसों के लालच के कारण पूरी दिल्ली को बर्बाद करने में लगे हुए हैं। इन सभी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।