महिलाओं के अपमान के विरोध में बीजेपी का कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन

-कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर लगाया महिलाओं को अपमानित करने का आरोप
-कांग्रेस पार्टी में महिलाएं बंधुआ मजदूर की तरह हैंः अशोक गोयल
-महिलाओं का अपमान कांग्रेस की सामंतवादी मानसिकता का परिचयः योगिता सिंह

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा और प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष योगिता सिंह के नेतृत्व में प्रदेश महिला मोर्चा ने कांग्रेस पार्टी द्वारा हरियाणा में किए गए महिलाओं के अपमान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। महिला दिवस के अवसर पर जहां पूरा देश महिलाओं का गुणगान कर रहा था, वहीं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ट्रैक्टर पर बैठ कर महिला विधायकों से उसे खिंचवा रहे थे। इसी के खिलाफ दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के सामने हुए प्रदर्शन में प्रदेश, जिला और मंडल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस को गिरफ्तारी भी दी और महिलाओं का अपमान करने के लिए कांग्रेस विरोधी नारे लगाए।

यह भी पढ़ें- चाको का कांग्रेस से इस्तीफा… पार्टी नेतृत्व पर लगाये गंभीर आरोप

अशोक गोयल देवराहा ने कहा कि कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने महिला विधायकों के प्रति संवेदनहीनता दिखाई है। 8 मार्च को पूरा विश्व महिला सम्मान की बात कर रहा था लेकिन भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने महिलाओं के साथ बंधुआ मजदूरों से भी बुरा व्यवहार किया। कितनी शर्म की बात है कि वह खुद ट्रैक्टर के ऊपर बैठे थे और उस ट्रैक्टर को कांग्रेस की विधायिका खींच रही थीं। उन्होंने पूछा कि अगर उन्हें प्रदर्शन ही करना था, तो खुद ट्रैक्टर क्यों नहीं खींचा और महिला विधायकों को ट्रैक्टर पर बैठने दिया? उन्होंने कहा कि कांग्रेस में महिलाओं का सम्मान ना ही पहले था और ना ही आज है।

यह भी पढ़ें- BJP नेतृत्व पर सवालिया निशान… क्या खाली करा सकेंगे नेशनल क्लब सहित चार क्लबों की सरकारी जमीन?

प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष योगिता सिंह ने विरोध प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को अपमानित करने की कांग्रेस की पुरानी नीति है। अलग-अलग कार्यक्रम में महिलाओं को अपमानित करने का वीडियो आता रहता है। जिस पार्टी की मुखिया एक महिला है और उसी पार्टी में महिलाओं का सम्मान नहीं हो तो इससे बड़ी शर्म की बात और क्या हो सकती है। यह घटना सिर्फ एक घटना नहीं बल्कि कांग्रेस ने इससे अपने सामंतवादी मानसिकता का परिचय दिया है।