बीजेपी सांसद की बहू ने धमकी के बाद की खुदकुशी की कोशिश

-धमकी के बाद काट ली हाथ की नस, अस्पताल में भर्ती
-सांसद, सांसद की पत्नी और पुत्र पर लगाए गंभीर आरोप

एसएस ब्यूरो/ लखनऊ
मोहनलाल गंज से भाजपा सांसद कौशल किशोर और विधायक जय देवी की तथाकथित बहू बहू अंकिता ने खुदकुशी की कोशिश की है। उसने पहले खुदकुशी की धमकी दी और इसके बाद अपने हाथ की नस काट ली। उसे लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले अंकिता ने रविवार देर रात को सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल किये थे। इसमें उसने अपने पति आयुष पर गंभीर आरोप लगाये थे। साथ ही खुदकुशी करने की बात कही थी। इसकी जानकारी मिलने पर एसीपी अलीगंज अखिलेश सिंह ने तीन टीमों को उसकी तलाश में लगा दिया। देर रात काकोरी में सांसद के घर के पास से पुलिस ने अंकिता को पकड़ लिया और महिला थाने भिजवा दिया।

यह भी पढ़ें- साप्ताहिक राशिफल… इस सप्ताह हो रहा शुक्र का मीन राशि में गोचर!

सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुए हैं। एक वीडियो करीब 5 मिनट और दूसरा 3 मिनट का है। अंकिता ने वीडियो में कहा कि आयुष तुम कहते थे कि तुम्हारे घर वाले तुमसे प्यार नहीं करते हैं। मुझे प्यार करते थे। मैं तुम्हारे कारण यहां थी। मुझे किस हाल में छोड़ दिया। यह भी नहीं सोचा कैसे रहूंगी। खाने के लिए भी कोई ठिकाना नहीं है। मेरा सब कुछ लुट गया। मेरे बारे में भी नहीं सोचा। सीधे अपने घर चले गए। उन्हीं लोगों के पास जो तुमको प्यार नहीं करते थे। आज वही लोग अच्छे हैं। तुमने कहा था कि सरेंडर करने के बाद साथ रहूंगा। तुम थाने पर आए। वहां वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो जानकारी हुई। मैं थाने भी गई। वहां तुम नहीं मिले। तुमने मुझसे बात भी नहीं की।

यह भी पढ़ें- श्रीलंका का बड़ा फैसला… बुर्के पर लगेगी रोक व बंद होंगे मदरसे

अंकिता ने एक वीडियो में कहा कि तुम्हारा बहुत इंतजार किया। ऐसा लगता था कि तुम आओगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब मुझे नहीं रहना है। मैं हार गई हूं। मुझे इतने ही वक्त के लिए रहना था। अब दुनिया से जाना है। मुझे याद रखोगे। हर कदम पर तुम्हारे साथ थी। तुम्हारी गलतियों को भी मैंने छिपाया। झूठी चोटें भी कई बार लगाईं। इसे भी मैंने छिपाया। मुझे पता था कि तुम छोटे हो। लेकिन मैं पीछे नहीं हटी। तुम इतने मतलबी हो इसके बारे में नहीं पता था। अब कुछ नहीं बचा। तुमने बच्चे के बारे में भी नहीं सोचा। मेरे मरने की वजह तुम हो। तुम आयुष, तुम्हारा परिवार, तुम्हारे पिता कौशल किशोर, मां जयादेवी और भाई विकास किशोर जिम्मेदार हैं। इसके अलावा वीडियो में कई और बातें भी कही गई हैं।
महिला थाने भिजवाया 
एसीपी अलीगंज (लखनऊ) अखिलेश सिंह ने बताया कि वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद मड़ियांव इंस्पेक्टर मनोज सिंह के साथ तीन टीमें लगाई गईं थीं। देर रात सांसद के घर के पास पुलिस ने अंकिता को पकड़ लिया और महिला थाने भिजवा दिया। इसके बाद उसे सिविल अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया था।
परिवार की छवि खराब करने की साजिशः बीजेपी सांसद
मोहनलाल गंज से बीजेपी सांसद कौशल किशोर ने ताजा मामले में कहा है कि सभी तरह के आरोप बेबुनियाद हैं और यह मेरे परिवार की छवि को खराब करने के मकसद से किया जा रहा है। आयुष के खिलाफ वह लगातार बोल रही हैं। पर हम लोगों े खिलाफ जो बोल रही हैं, उससे हमारा क्या मतलब? उन लोगों ने अपनी मर्जी से शादी की है। उन्होंने यह भी कहा कि वह हमारी बहू नहीं है।
पूछताछ के लिए थाने पहुंचा था आयुष
बता दें कि आयुष के ऊपर खुद पर जानलेवा हमला करवाने का आरोप है। इसके साथ ही उस पर साजिश और धोखाधड़ी का मुकदमा भी है। इसी सिलसिले में वह पूछताछ में सहयोग के लिए रविवार को मड़ियांव थाने पहुंचा था। उसके ऊपर आरोप है कि उसने खुद ही बीते 3 मार्च को अपने साले आदर्श के द्वारा अपने ऊपर जानलेवा हमला करवाया था। उसके खिलाफ आईपीसी की 120 बी, 420 और 505 की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल आयुष ने प्रयागराज हाईकोर्ट से अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगवा रखी है।