BJP ने केजरीवाल सरकार को भेजा था सफाई कर्मियों को नियमित करने का प्रस्ताव!

-दस साल में दिल्ली नगर निगम को आर्थिक रूप से बर्बाद करने का विरोध होने के भय से समारोह में नहीं पहुंचे केजरीवालः राजा इकबाल
-नेता प्रतिपक्ष को नहीं मिला बोलने का मौका, राजा इकबाल सिंह ने दर्ज कराई शिकायत

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली 16 अक्टूबर।
दिल्ली नगर निगम (MCD) में नेता प्रतिपक्ष राजा इकबाल सिंह (Raja Iqbal Singh) ने बुधवार को एक प्रेस वक्तव्य में कहा कि दिल्ली नगर निगम ने जिन लगभग 600 कर्मियों को नियमित किया है उनको नियमित करने का प्रस्ताव 2021-22 में भाजपा (BJP) प्रशासित तत्कालीन तीनों नगर निगमों ने ही दिल्ली सरकार को भेजा था। उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस प्रस्ताव को वापस भेज दिया था। यह कर्मचारी 2021 में ही नियमित हो जाते अगर अरविंद केजरीवाल इनकी फाइल रिजेक्ट ना करते। अरविंद केजरीवाल ने अपने दस साल के शासन में जहाँ अपनी सरकार के दिल्ली जल बोर्ड, लोकनिर्माण विभाग, डी.टी.सी. जैसे विभागों को भ्रष्टाचार एवं अकर्मण्यता की भेंट चढ़ा दिया वैसे ही दिल्ली नगर निगम को भी राजनीतिक द्वेष से फंड ना देकर बर्बाद कर दिया।
राजा इकबाल सिंह ने कहा कि दस साल में दिल्ली नगर निगम को आर्थिक रूप से बर्बाद करने का विरोध होने के भय से बुधवार को आप पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल दिल्ली नगर निगम कार्यक्रम में भी नहीं आये। शासन द्वारा दिल्ली नगर निगम को बर्बाद करने की पोल ना खुले इस भय से महापौर शैली ओबरॉय ने पहले तो मुझे आज के कार्यक्रम में बुलाया नहीं, अंतिम समय बुलाया तो नेता प्रतिपक्ष के नाते बोलने का समय नही दिया जिसका हमने सम्बंधित अतिरिक्त आयुक्त पर विरोध दर्ज किया है।
सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा है कि हमने मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना से व्यक्तिगत बात कर अपील की कि नगर निगम में दलित महापौर का चुनाव होने दें, कमेटियों का गठन होने दें और पार्षदों का वार्ड विकास फंड जारी करवायें।