-पार्टी पदाधिकारियों, पार्षदों, विधायकों और सांसदों ने की भागीदारी
-अलग अलग इलाकों में जाकर लोगों को फेस मास्क भी बांटे गए
वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं, निगम पार्षदों, विधायकों और सांसदों ने दिल्ली वालों के बीच जाकर काढ़ा, सैनेटाइजर और मास्क बांटे। पार्टी की ओर से दावा किया गया है कि मंगलवार को 10 लाख काढ़े के पैकेट, 10 लाख सेनेटाइजर और 15 लाख फेस मास्क बांटे गये।
यह भी पढ़ेंः- ‘फर्जी हाजिरी’ से SDMC को लगाया जा रहा 3 करोड़ का चूना
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने नई दिल्ली के राजीव गांधी कैंप, सांसद रमेश बिधूड़ी ने तुगलकाबाद गांव, दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मोलड़बंद एक्सटेंशन, दिल्ली भाजपा पूर्व अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी ने नवीन शाहदरा, सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने घंटाघर चौक, विधायक विजेंद्र गुप्ता ने बी के दत्त कॉलोनी, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने शाहदरा, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने डिफेंस एनक्लेव, राजेश भाटिया ने राजेंद्र नगर, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर ने अशोक नगर से इस अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर नई दिल्ली जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव, मीडिया प्रमुख अशोक गोयल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
यह भी पढ़ेंः- DELHI BJP: उम्मीद से हटकर होंगे महापौर के चेहरे
आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में कोरोना वायरस के विस्तार को देखते हुए दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ता सकारात्मक रूप से निरंतर दिल्ली के लोगों की सेवा कर रहे हैं। दिल्ली भाजपा के 26000 से भी ज्यादा कार्यकर्ताओं ने अपनी कर्मठता का परिचय देते हुए दिल्ली के गरीब व जरूरतमंद लोगों के बीच 1 करोड़ फूड पैकेट्स और 31 लाख सूखा राशन वितरण किया है। इसी क्रम में अब कोरोना के संक्रमण से दिल्ली के लोगों को बचाने के लिए जनजागरण अभियान की शुरुआत की गई है जिसके तहत लोगों को डर और भय के माहौल से भी निकलने के लिए भी उन्हें जागरूक किया जाएगा।