BJP: कमला नगर, सुभाष मोहल्ला और भजनपुरा सीट पर मोटे लेनदेन का आरोप!

-बीजेपी आलाकमान को पत्र लिखकर की टकट बंटवारे में धांधली की शिकायत
-सुलतानपुरी, ललिता पार्क, मंडावली व भजनपुरा मंडलों में कई ने दिया इस्तीफा
-प्रदेश कार्यालय में विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को बनाया बंधक

जे.के. शुक्ला/ नई दिल्लीः 13 नवंबर, 2022।
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार की सांय अपने 232 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। तभी से विभिन्न वार्डों के कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। कई सीटों पर टिकट देने के मामले में बड़े स्तर पर पैसे के लेनदेन का आरोप लगाया जा रहा है। ऐसी ही सीटों में कमला नगर, सुभाष मोहल्ला और भजनपुरा वार्ड बताये जा रहे हैं। इस मामले में अलग अलग वार्डों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बीजेपी आलाकमान से पत्र लिखकर शिकायत की है।
बीजेपी ने कमला नगर वार्ड संख्या 69 से रेनू अग्रवाल को टिकट दिया है। उनके पति राकेश अग्रवाल जिला में पदाधिकारी हैं। आरोप है कि टिकट के लिए मोटा पैसा दिया गया है। रेनु अग्रवाल घरेलू महिला हैं और उनका पार्टी से केवल इतना ही संबंध है कि वह एक पदाधिकारी की पत्नी हैं। कुछ इसी तरह के आरोप सुभाष मोहल्ला और भजनपुरा सीटों के लिए भी लगाये जा रहे हैं।
सुभाष मोहल्ला वार्ड संख्या 233 से बीजेपी ने मनीषा को टिकट दिया है। जबकि भजनपुरा वार्ड संख्या 230 से पार्टी ने रामराज तिवारी को टिकट दिया है। बता दें कि भजनपुरा, ललिता पार्क और मंडावली मंडलों के कुछ मंडल पदाधिकारियों ने तो अपने इस्तीफे भी दे दिये हैं। ललिता पार्क वार्ड संख्या 201 से बीजेपी ने हिमांशी पांडे, मंडावली वार्ड संख्या 199 से शशि चांदना और भजनपुरा वार्ड संख्या 230 से रामराज तिवारी को टिकट दिया गया है। सुलतानपुरी वार्ड संख्या 43 से एकता जाटव को भी टिकट दिये जाने का विरोध किया जा रहा है। रविवार को कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता का घेराव किया और कुछ देर पार्टी कार्यालय से बाहर नहीं निकलने दिया।
उर्मिला चौधरी के विरोध में तोड़े पूनम के घर के शीशे
किराड़ी वार्ड संख्या 37 से उर्मिला चौधरी को टिकट दिये जाने का जबरदस्त विरोध किया जा रहा है। रविवार को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने निवर्तमान पार्षद पूनम पराशर के घर जाकर अपनी नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं ने गुस्से में पूनम पाराशन के घर पर पथराव किया, जिसकी वजह से उनके घर के कुछ शीशे टूट गये।