ज्योतिषः इन सात ग्रहों से बदलेगी देश की दशा

-अपनी ही राशियों में गोचर कर रहे मंगल, बृहस्पति, शनि, राहु और केतु
-सकारात्मक ऊर्जा से लबालब हैं मित्र ग्रहों में बैठे हैं सूर्य और बुध ग्रह

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
वर्षों बाद ऐसा सुखद संयोग बन रहा है कि सभी नौ ग्रहों में से पांच ग्रह अपनी ही राशि में गोचर कर रहे हैं। जबकि दो प्रमुख ग्रह सूर्य तथा बुध अपने मित्र के घर में गोचर कर रहे हैं। भारतीय ज्योतिष शास्त्र में 9 ग्रह हैं और इस समय 9 में से 7 ग्रह आम जनमानस कों शुभ फल देने के लिए तत्पर हैं।

यह भी पढ़ें- इस सप्ताह शुक्र और शनि बदल रहे चाल… जानें, क्या है आपकी राशि का हाल !

इस समय अपनी राशि में भ्रमण करने वाले ग्रहों में मंगल मेष राशि में, बृहस्पति धनु राशि में, शनि मकर राशि में, राहु वृषभ राशि में तथा केतु वृश्चिक राशि में गोचर कर रहे हैं। सूर्य अपने मित्र ग्रह बुध की राशि में तथा बुध अपने मित्र ग्रह शुक्र की राशि में गोचर कर रहे हैं। इन ग्रहों के शुभ प्रभावस्वरूप देश में राजनैतिक अस्थिरता तथा प्राकृतिक आपदाओं पर नियंत्रण लगेगा।

यह भी पढ़ें- फिर गरमाया एमएचओ रावत की नियुक्ति का मामला

ज्योतिषीय ग्रणना के मुताबिक यह समय देश का नेतृत्व करने वाले सियासी दलों के लिए भी बेहद सकारात्मक रहेगा। शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिए गए निर्णय को जनमानस समझने में सफल रहेगा। परस्पर आपसी स्नेह तथा भाईचारा बढ़ेगा। आईये बताते हैं कि किस तरह यह ग्रह देश में सकारात्मक ऊर्जा को बलवान कर रहे हैं।
मंगलः
वर्तमान समय में मंगल अपनी मेष राशि में गोचर कर रहे हैं जो 11 सितंबर की प्रातः 3 बजकर 48 मिनट पर वक्री हो गए हैं। मेष राशि में ये 4 अक्टूबर तक रहेंगे। उसके बाद वक्री अवस्था में ही वापस मीन राशि में आ जाएंगे। मंगल अग्नि तत्व प्रधान ग्रह हैं। इसलिए आग से होने वाली घटनाएं तो बढ़ेंगी किंतु हमारा सैन्य बल मजबूत होगा। हो सकता है भारत सरकार विदेशी सरकारों से आयुध संबंधी किसी बड़ी खरीदारी के लिए समझौते करे। कृषक वर्ग के लिए भी मंगल का प्रभाव शुभ रहेगा। पृथ्वी पर अनाज की अधिक से अधिक पैदावार होगी जिसके फलस्वरूप देश में खाद्यान्न की कमी नहीं होगी।
बृहस्पतिः
देवगुरु बृहस्पति अपनी ही राशि धनु में गोचर कर रहे हैं। जिसके फलस्वरूप शिक्षा प्रतियोगिता के क्षेत्र में सरकार द्वारा बड़े-बड़े फैसले लिए जाएंगे। सरकार की नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों के लिए भविष्य में वरदान साबित हो सकती है। जनमानस का झुकाव धर्म एवं अध्यात्म की ओर बढेगा। साधु संतों पर हो रहे हमलों में कमी आएगी तथा नैतिक मूल्यों के हो रहे पतन में भी सुधार आएगा।
शनिः
शनिदेव अपनी ही राशि में गोचर कर रहे हैं जो अब तक वक्री थे लेकिन 29 सितंबर को ये मार्गी हो रहे हैं जिसके प्रभावस्वरूप व्यापार के क्षेत्र में अप्रत्याशित रूप से सुधार आने के संकेत हैं। देश की जीडीपी में आ रही गिरावट में कमी आएगी और अगले नतीजे तक इसमें काफी सुधार की उम्मीद की जा सकती है। शीर्ष नेतृत्व द्वारा देश की जनता के लिए अच्छे फैसले लिए जाएंगे। शनि देव न्याय के देवता हैं इसलिए कोर्ट कचहरी भी पुनः आरंभ हो जाएंगी। न्यायिक फैसले भी शीघ्रता से लिए जाएंगे।
राहुः
राहु अपनी ही राशि वृषभ में आ चुके हैं जो 18 महीने तक रहेंगे, निश्चित रूप से देश और देश की जनता के लिए यह शुभ संकेत हैं। हो सकता है अधिकारियों में रिश्वत लेने की प्रवृत्ति बढ़े और वे पकड़े भी जाएंगे। विदेश नीति के मामले में सरकार उच्चकोटि के मापदंड स्थापित करने में सफल रहेगी। फार्मा तथा आईटी के सेक्टर में नौकरी के अच्छे अवसर आएंगे।
केतुः
केतु अपनी ही राशि वृश्चिक में गोचर करेंगे जो मंगल की तरह ही फल देंगे इसलिए धर्म और अध्यात्म के प्रति जनमानस का झुकाव तो रहेगा ही युवा वर्ग नए-नए शोध करके जनमानस को चौंकाएंगे। रियल स्टेट तथा पावर सेक्टर के लिए इनका गोचर अति शुभ रहेगा। अतः जल्दी ही इन सेक्टरों में निवेशकों का रुझान बढ़ेगा। एक बार पुनः घर खरीदने वालों की रुचि बढ़ेगी।
शुक्रः
राहु व केतु के बाद इस सप्ताह नवग्रहों में से छठे ग्रह शुक्र भी कर्क राशि से निकलकर सिंह राशि में प्रवेश कर रहे हैं। शुक्र का यह राशि परिवर्तन 27 सितंबर को मध्य रात्रि 01 बजकर 01 मिनट पर होगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार शुक्र को भौतिक सुख-सुविधाओं का कर्ता, नौकरी-व्यापार, सुख-शांति का कारक माना गया है। अतः शुक्र ग्रह का यह मित्र राशि में परिवर्तन देशवासियों के लिए सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा।
शनिः
सबसे क्रूर ग्रह कहे जाने वाले शनि भी वक्री से मार्गी अवस्था धारण करने जा रहे हैं। शनि एक राशि से दूसरी राशि में जाने के लिए करीब ढ़ाई साल का समय लेते हैं। इस सप्ताह शनि 29 सितंबर, मंगलवार को सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर वक्री से मार्गी होने जा रहे हैं। मार्गी होने पर शनि जातकों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालते हैं। ऐसे में 29 सितंबर से शनि की मार्गी चाल से देशवासियों के जीवन में चल रही बाधाएं कम होंगी और उन्हें किस्मत का साथ मिलना आरंभ होगा।
ज्योतिषी शिवम गोयल
(कुंडली एवं हस्तरेखा विशेषज्ञ)
मोबाइलः 9413247699
ट्विटरः @AstrologerSS8