पैसे को लेकर तीनों मेयर्स ने साधा मुख्यमंत्री केजरीवाल पर निशाना

-दिल्ली सरकार ने मई से रोक रखीं हैं निगम के पैसे की फाइलेंः जेपी
-पूर्वी दिल्ली के महापौर निर्मल जैन ने केजरीवाल से मांगे 1693 करोड़
-बार-बार मांगना पड़ रहा नगर निगम के हक का पैसाः अनामिका

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
नगर निगम को मिलने वाली धनराशि को लेकर दिल्ली के तीनों महापौर ने एक बार फिर दिल्ली की केजरीवाल सरकार के ऊपर निशाना साधा है। शुक्रवार को उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश, पूर्वी दिल्ली के महापौर निर्मल जैन और दक्षिणी दिल्ली की महापौर अनामिका ने निगम की बेसिक टैक्स असाइनमेंट (बीटीए) और नालों की सफाई को लेकर निशाना साधा।

यह भी पढ़ेंः- AYODHYA: राम मंदिर निर्माण का हिस्सा होंगे तीन लाख गांवों के 10 करोड़ परिवार

उत्तरी दिल्ली के महपौर जय प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के यहां निगम को मिलने वाली धनराशि की दो फाइलें 25 मई से रूकी हुई हैं। इनमें एक फाइल 90 करोड़ रूपये और दूसरी फाइल 70 करोड़ रूपये की है। यदि यह राशि समय से आ जाती तो उत्तरी दिल्ली नगर निगम अपने कर्मचारियों को समय से सेलरी दे सकता है। लेकिन इस मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कोई चिंता नहीं दिखा रहे हैं।

यह भी पढ़ेंः- पत्रकारों की हत्या और उत्पीड़न के खिलाफ NUJ(I) का PMO तक विरोध मार्च

दूसरी ओर पूर्वी दिल्ली के महापौर निर्मल जैन ने कहा कि निगम के 1693 करोड़ रूपये दिल्ली सरकार की ओर बकाया हैं। इतनी राशि से निगम के कर्मचारियों को सेलरी देने के साथ ही बहुत से विकास कार्य किये जा सकते हैं। यदि यह पैसा समय से आ जाए तो निगम की कार्यक्षमता को बढ़ाया जा सकता है। लेकिन केजरीवाल सरकार निगम के हिस्से के पैसे को रोककर लगातार इसे पंगु बना रही है।

यह भी पढ़ेंः- दिल्ली बीजेपी पूर्वांचल मोर्चाः ज्यादातर पदाधिकारी कर रहे अध्यक्ष पद की दावेदारी

दक्षिणी दिल्ली की महापौर अनामिका ने कहा कि यह निगम के हक का पैसा है। दिल्ली सरकार को तुरंत जारी करना चाहिए। यह दिल्ली की जनता का पैसा है, उसी के काम में लगाया जाना है। दिल्ली सरकार से बार-बार पैसे की मांग करने से हमें शर्म आती है, लेकिन इसका असर केजरीवाल सरकार पर नहीं हो रहा है।