NORTH DMC: आप ने बताया निराशाजनक बजट

-काल्पनिक और वास्तविकता से परे है बीजेपी का बजटः विकास गोयल

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम के बजट को निराशाजनक और वास्तविकता से कोसों दूर बताया है। उत्तरी निगम में विपक्ष के नेता विकास गोयल ने कहा कि नेता सदन द्वारा दिल्ली की जनता के लिए विकास की कोई भी नई योजना शुरू करने की घोषणा नहीं की गई है। उन्होंने कर्मचारियों के कई महीनों के बकाया वेतन देने तथा उसके स्थाई इंतजाम की भी कोई व्यवस्था नहीं की है।

यह भी पढ़ें- निगम के पास हैं जादू वाले अस्पताल… बिना दवाईयों के कर डाला लाखों मरीजों का इलाज!

विकास गोयल ने कहा कि नेता सदन ने वर्ष 2006 तक नियुक्त सभी सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की घोषणा की है जबकि इनके नियमित करने के आदेश पहले भी निगम में जारी हो चुके हैं। परंतु इन्हें अभी तक लागू नहीं किया गया। इसी प्रकार वर्ष 1996 से 1998 तक के लेफ्ट आउट कर्मचारियों को नियमित करने की पिछले वर्ष की गई घोषणा को दोहराया गया है। डी.वी.सी. कर्मचारियों को नियमित करने की जिम्मेदारी दिल्ली सरकार पर डाल दी गई है जबकि यह निगम की जिम्मेवारी है।

यह भी पढ़ें- शिक्षा सत्र खत्म… 700 स्कूल, तीन लाख बच्चे लेकिन एक को भी नहीं मिलीं कॉपी-किताबें

नेता विपक्ष ने सत्तारूढ़ भाजपा पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि नेता सदन योगेश वर्मा ने विपक्ष के सभी सुझावों को दरकिनार करते हुए भाजपा की तानाशाही प्रवृत्ति को दोहराया है। नेता सदन ने बताया कि भाजपा ने दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की तरफ बकाया 2478 करोड़ रुपए, विज्ञापन व पार्किंग ठेकेदारों से बकाया, डीडीए इत्यादि सरकारी संपत्तियों से बकाया कर की वसूली तथा निगम की अपनी संपत्तियों से किराए की वसूली की कोई योजना प्रस्तुत नहीं की है।

यह भी पढ़ें- DELHI: निगम उपचुनाव में… तीन पूर्व विधायक मैदान में!

विकास गोयल ने कहा है कि महापौर पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते विपक्ष की मांग के बावजूद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया और अनैतिकता की सभी सीमाएं लांघते हुए बजट के सदन की कार्यवाही की अध्यक्षता की जिसका आम आदमी पार्टी विरोध करती है। बता दें कि बजट को अंतिम रूप देने के लिए बुलाई गई बैठक में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी ने शुरूआत में शोर-शराबा करना शुरू कर दिया था। आम आदमी पार्टी के निगम पार्षदों ने महापौर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए इस्तीफे की मांग भी की।