पिछले दरवाजे से MCD का निजीकरण कर रही AAP: राजा इकबाल

-बीजेपी शासन से चले आ रहे कामों का श्रेय लेने पर मेयर का जोरः इकबाल सिंह

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 14 दिसंबर।
दिल्ली नगर निगम (MCD) में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व महापौर राजा इकबाल सिंह (Raja Iqbal Singh) ने निगम के रूटीन कार्यों का श्रेय लेने पर निगम की आप सरकार की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगाया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) की बुनियाद झूठे प्रचार एवं दूसरे के कार्यों का श्रेय लेने पर टिकी हुई है। ट्री सेंसस (Tree Sensus) जैसे निगम के रूटीन कार्यों का श्रेय लेकर आप पार्टी ने अपना चरित्र उजागर कर दिया है। आम आदमी पार्टी ट्री सेंसस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) तकनीक के इस्तेमाल का बहाना बना कर इस कार्य को अपनी पसंद की निजी कंपनी को देना चाह रही है।
राजा इकबाल सिंह ने कहा कि आप पार्टी इस प्रकार निगम के राजस्व का दोहन करना चाह रही है। आप पार्टी से जुड़ी कंपनियों को इस कार्य का ठेका मिल जाएगा। मैं दिल्ली की मेयर (Mayor) साहिबा से पूछना चाहता हूं कि उनकी ऐसी क्या मजबूरी है कि वो दिल्ली के नागरिकों की भलाई के बारे में न सोचकर आप पार्टी के इशारों पर ऐसे कार्य कर रही हैं।
राजा इकबाल सिंह ने कहा कि निगम की सत्ता में आने के साथ पहले दिन से ही आप पार्टी को मंशा दिल्ली नगर निगम का निजीकरण कर निगम की सुविधाएं अपनी पसंद के ठेकेदारों के माध्यम से प्रदान करने की योजना है। ट्री सेंसस जैसे कार्य भी निजी कंपनी को सौंपना इसी षड्यंत्र का एक हिस्सा हैं। निगम चुनाव के समय तो अरविंद केजरीवाल अनुबंध आधार पर लगे कर्मचारियों को पक्का करने की गारंटी देते थे और कहां अब उन्हीं कर्मचारियों की नौकरी खत्म करने में लगे हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी आप सरकार की इस साजिश को कभी भी सफल नहीं होने देगी एवं आम आदमी पार्टी के ऐसे कर्मचारी विरोधी फैसले के विरुद्ध पुरजोर आवाज उठाएगी।