निगम चुनाव में आप एक कदम आगे… जिताऊ उम्मीदवारों को दिया टिकट

-कांग्रेस से आये मुकेश गोयल व गुड्डी देवी को मिला टिकट
-उत्तरी व पूर्वी निगम के नेता प्रतिपक्ष को भी उतारा मैदान में
-विधायक प्रकाश जरवाल की पत्नी ज्योति जरवाल लड़ेंगी चुना

जे.के. शुक्ला/ नई दिल्लीः 11 नवंबर, 2022।
दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए अपनी पहली सूची जारी करके आम आदमी पार्टी (आप) ने खुद को एक कदम आगे कर लिया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस अपने उम्मीदवारों की सूची बनाने में ही जुटी रह गईं, लेकिन आप ने शुक्रवार को अपनी 134 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों पर फोकस रखा है।

कांग्रेस छोड़कर आप में आये वरिष्ठ नेता मुकेश गोयल को वार्ड संख्या 15 आदर्शन नगर से टिकट दिया गया है, जबकि गुड्डी देवी को उनकी पुरानी सीट वार्ड संख्या 12 मलकागंज से चुनाव मैदान में उतारा गया है। खास बात यह भी है कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम में विपक्ष के नेता रहे विकास गोयल और पूर्वी निगम में विपक्ष के नेता रहे मनोज त्यागी के ऊपर आप ने फिर से भरोसा जताया है। विकास गोयल को वार्ड संख्या 64 केशव पुरम और मनोज त्यागी को वार्ड संख्या 247 सादतपुर से टिकट दिया गया है।
आम आदमी पार्टी ने हालांकि पहली सूची में ज्यादातर नये लोगों को शामिल किया है लेकिन कुछ पुराने पार्षदों को भी टिकट दिया गया है। पूर्व पार्षद अजय शर्मा को वार्ड संख्या 3 मुकुंदपुर से, पूर्व पार्षद रविंद्र भारद्वाज को वार्ड संख्या 41 अमन विहार पूर्व पार्षदा सुलताना आबाद को वार्ड संख्या 75 जामा मस्जिद से निगम चुनाव में उतारा गया है।
विधायक-पूर्व विधायक को भी मिला टिकट
आम आदमी पार्टी ने अपने विधायकों और पूर्व विधायकों पर भी निगम चुनाव के लिए भागीदारी का मौका दिया है। आप ने अपने विधायक प्रकाश जरवाल की पत्नी ज्योति जरवाल को वार्ड संख्या 162 तिगड़ी से टिकट दिया है। दूसरी ओर राजेंद्र नगर से विधायक रहे विजेंद्र गर्ग को आम आदमी पार्टी ने वार्ड संख्या 139 नारायणा से अपना उम्मीदवार बनाया है। माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी अपनी दूसरी सूची शनिवार को किसी समय जारी कर सकती है।