सत्ता में आने से पहले विरोध करती रही AAP… सत्ता में आने पर डिस्ट्रिक्ट पार्क को बना डाला लैंडफिल साइट

-महरौली के संजय वन को एमसीडी ने बनाया लैंडफिल साइटः राजा इकबाल सिंह
-आप पार्षद रेखा महेन्द्र, निगम अधिकारियों एवं कूड़ा उठाने वाली कम्पनी से मिलीभगत का आरोप

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली 22 दिसम्बरः 2023।
सत्ता में आने से पहले तक दिल्ली के रिहायशी इलाकों में कूड़ा घर या लेंडफिल साइट्स का विरोध करती आ रही आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली नगर निगम (Municipal Corporation of Delhi) की सत्ता में आने के बाद अपनी नीति बदल दी है। आप की सत्ता वाले नगर निगम ने दक्षिणी दिल्ली (South Delhi) इलाके में डिस्ट्रिक पार्क को ही लेंडफिल साइट बना डाला है। ताजा मामला महरौली इलाके के संजय वन पार्क का है, जहां आप के निगम की सत्ता में आने के बाद कूड़े के पहाड़ खड़े होने शुरू हो गये हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं ने स्थानीय आप पार्षद, निगम अधिकारियों और कूड़ा उठाने वाली कंपनी के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया है।
शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सरदार राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली नगर निगम द्वारा महरौली में अंधिकृत लैंडफिल साइट खोले जाने के मामले का खुलासा किया। उनके साथ दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष गजेंद्र यादव, पार्षद जगमोहन महलावत एवं पूर्व पार्षद आरती सिंह व आर.डब्लू.ए. के कुछ पदाधिकारी महरौली के विशाल डिस्ट्रिक्ट पार्क संजय वन पहुंचे और नगर निगम का कुकृत्य उजागर किया
इकबाल सिंह ने उपस्थित मीडिया को दिखाया कि किस तरह गत दिल्ली नगर निगम गत 8 – 9 माह से दिल्ली नगर निगम का दक्षिण क्षेत्र आस पास के वार्डों का कूड़ा इस संजय वन में डाल रहा है। दिल्ली नगर निगम की लापरवाही के चलते संजय वन का बड़ा हिस्सा एक लैंडफिल साइट बन गया है और वहाँ बदबू एवं मच्छरों के चलते बीमारियाँ फैलने का खतरा बना हुआ है। इस मौके पर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि अंधिकृत लैंडफिल साइट बनाये जाने से दिल्ली के मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल एवं महापौर शैली ओबेरॉय के स्वच्छ दिल्ली के दावों की पोल खुल गई है।
इकबाल सिंह ने कहा है की महरौली की जनता इस संजय वन को अंधिकृत लैंडफिल साइट बनाने पर महापौर शैली ओबेरॉय से जवाब चाहती है। दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष गजेंद्र यादव ने कहा कि स्थानीय आम आदमी पार्टी के पार्षद रेखा महेन्द्र चौधरी, निगम अधिकारियों एवं कूड़ा उठाने वाली कम्पनी की मिलीभगत से यह अंधिकृत लैंडफिल साइट बनाई गई है।