अपने पूर्व मंडल अध्यक्ष को भी अस्पताल में भर्ती नहीं करा सके प्रदेश BJP अध्यक्ष!

-‘ट्वीट बम’ के बाद जिला प्रभारियों को ‘किये गये कामों की’ फेहरिश्त बनाने का आदेश
-सतह पर आईं संघ पदाधिकारियों और प्रदेश बीजेपी नेतृत्व के बीच की दूरियां

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की ओर से भले ही रोजाना हजारों कोरोना पीड़ित लोगों की मदद का दावा किया जा रहा हो, लेकिन एक संघ पदाधिकारी की ओर से ‘ट्विट बम’ फोड़े जाने के बाद पार्टी नेतृत्व बैकफुट पर आ गया है। पार्टी नेतृत्व को सफाई देने के लिए सभी जिला पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों को पिछले दिनों में किये गये कामों की फेहरिश्त तैयार करके भेजने के आदेश जारी किये गए हैं। जबकि वास्तविकता यह है कि खुद प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता अपने ही मंडल के एक पूर्व अध्यक्ष तक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती नहीं करवा पाये।

यह भी पढ़ें- RSS को नहीं दिख रहा DELHI बीजेपी का काम!

इस प्रकरण के बाद दिल्ली बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं और संघ पदाधिकारियों के बीच की दूरियां भी सबके सामने आ गई हैं। खास बात है कि मीडियाकर्मियों के पूछे जाने पर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने राजीव तुली को जानने से ही इनकार कर दिया। जबकि वास्तविकता यह है कि तुली आदेश गुप्ता के मकान से महज कुछ गज की दूरी पर ही रहते हैं। संघ के एक पदाधिकारी ने बताया कि दिल्ली प्रांत आरएसएस में भी अब दो गुट बन गये हैं। एक गुट आदेश गुप्ता और दिल्ली बीजेपी की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं है।

यह भी पढ़ें- DELHI BJP: स्थायी समिति अध्यक्ष की दावेदार… फर्जी आई-कार्ड बनवा रहीं सरकार!

बता दें कि मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दिल्ली प्रांत के पूर्व मीडिया प्रभारी और वर्तमान कार्यसमति सदस्य राजीव तुली ने एक ट्वीट के जरिये दिल्ली बीजेपी नेतृत्व पर बड़े सवाल उठाये थे। उन्होंने लिखा था कि ‘चारों तरफ आग लगी हुई है, किसी ने दिल्ली बीजेपी को कहीं देखा है?’ उन्होंने यह भी लिखा कि ‘बीजेपी कहां है, या फिर भंग हो गई है’। इसके बाद पार्टी नेताओं के दबाव में राजीव तुली ने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया था। लेकिन तब तक यह मीडिया तक पहुंच गया।

यह भी पढ़ें- हिंदू राव अस्पताल में नहीं मिल रहा कोरोना मरीजों को इलाज… ध्वस्त हुए इंतजाम!

दिल्ली बीजेपी के एक पदाधिकारी ने बताया कि ‘ट्वीट बम’ की खबर मीडिया में आने के बाद प्रदेश के आला नेताओं में खलबली मची हुई है। उन्होंने बताया कि आज ही पार्टी के जिला पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों को आदेश जारी किये गए हैं कि उनके जिलों में पार्टी ने कोरोना काल में जो भी ाम किये हैं, उसकी सूची, फोटो और वीडियो पार्टी कार्यालय को तुरंत भेजे जाएं।
पूर्व मंडल अध्यक्ष को भी इलाज नहीं दिला सका पार्टी नेतृत्व
दिल्ली बीजेपी की ओर से हेल्पलाइन के जरिये लोगों की मदद करने के दावे किये जा रहे हैं। लेकिन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अपने ही मंडल के पूर्व अध्यक्ष को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती नहीं करवा पाये। इसके बाद खुद उन्होंने अपने प्रयासों से करोलबाग के कालरा नर्सिंग होम में अपने आपको भर्ती कराया था। पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें केवल आश्वासन ही मिलते रहे। थक हारकर उन्होंने खुद ही कोशिशें शुरू की तो कामयाब रहे।
अश्विनी मेहता उस समय बीजेपी पटेल नगर मंडल के अध्यक्ष रहे हैं, जब एक विधानसभा में केवल दो मंडल (वार्ड) हुआ करते थे। पिछले सप्ताह उन्हें कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया था। पार्टी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि अश्विनी मेहता ने उसी मंडल में रहने वाले प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष आदेश गुप्ता को किसी अस्पताल में भर्ती कराने में मदद के लिए कहा था। लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। बीजेपी की ओर से उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला। इसके पश्चात उन्होंने स्वयं अपने लिए ऑक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम किया और कालरा नर्सिंग होम में भर्ती हो गये।