मोदी सरकार का बड़ा खेल… 100 रूपये में मिल रहा 32 रूपये का तेल

-असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल सरकार ने दी पेट्रोल-डीजल पर वैट में छूट भारी
-राजधानी वासियों को उम्मीद कि अब दिल्ली की केजरीवाल सरकार की बारी

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
देशभर में पेट्रोल-डीजल के दामों में लगी आग से असम और मेघालय सरकार ने राहत दी है। दोनों राज्य सरकारों ने पेट्रोल और डीजल पर 5-5 रूपये टैक्स कम कर दिया है। जबकि पश्चिम बंगाल सरकार ने दोनों पदार्थों पर 1-1 रूपये की छूट दी है। अब दिल्ली वासियों की निगाहें केजरीवाल सरकार की ओर उठी हुई हैं। देखना यह है कि दिल्ली सरकार इस मामले में राजधानीवासियों को कोई राहत देती है अथवा नहीं। बता दें कि पेट्रोल और डीजल पर से केंद्र और राज्य सरकारों का टैक्स हटा दें तो यह क्रमशः 31.82 और 33.46 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। यानी कि 32 रूपये का पेट्रोल देशवासियों को 100 रूपये प्रति लीटर तक में खरीदना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें- इस सप्ताह मंगल-बुध का फेर… लेकर आया खुशियों के ढेर!

गौरतलब है कि राजस्थान में पेट्रोल 100 रुपये के पार चला गया है। वहीं देश के कई अन्य शहरों में यह शतक के बेहद करीब है। ईंधन की कीमतें राज्य के हिसाब से अलग-अलग हैं। इसका कारण राज्यों के द्वारा लगाया जाने वाला मूल्य वर्धित कर (वैट) है। राजस्थान में इसलिए दाम ज्यादा हैं कि राजस्थान में पेट्रोल पर सर्वाधिक वैट वसूला जा रहा है। इस राज्य में पेट्रोल पर 36 फीसदी और डीजल पर 26 फीसदी वैट है। श्रीगंगानगर में तेल की आपूर्ति जयपुर या जोधपुर से होती है। अधिक दूरी की वजह से यहां परिवहन खर्च ज्यादा हो जाता है। पेट्रोल जयपुर में श्रीगंगानगर के मुकाबले चार रुपये सस्ता है। जबकि पिछले दिनों सरकार ने दो प्रतिशत वैट में कटौती की थी।

यह भी पढ़ें- पड़ोसी देशों के सामने भारत शर्मशार… भारत में नेपाल से भी ज्यादा महंगाई की मार

पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री अमित मित्रा ने कहा कि केंद्र को पेट्रोल से कर के तौर पर 32.90 रुपये प्रति लीटर (20 फरवरी को) प्राप्त होता है, जबकि राज्य को सिर्फ 18.46 रुपये के करीब ही मिलते हैं। डीजल के मामले में, केंद्र सरकार को मिलने वाला कर 31.80 रुपये प्रति लीटर है, जबकि राज्य को करीब 12.77 रुपये ही मिलते हैं।
एक लीटर पेट्रोल-डीजल पर इतना टैक्स ( प्रति लीटर)
विवरण                पेट्रोल रुपये       डीजल रुपये
आधार मूल्य            31.82            33.46
किराया                      0.28             0.25
उत्पाद शुल्क             32.9             31.8
डीलर कमीशन             3.68             2.51
वैट                           20.61           11.68
कुल कीमत                89.29           79.7
नोटः यह आंकड़े इडियन ऑयल कॉरपोरेशन से दिल्ली में 16 फरवरी को लिये गए हैं।
अलग अलग जगह पर अलग अलग दाम
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक दिल्ली में पेट्रोल 90.58 रुपये व डीजल 80.97 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में पेट्रोल 101.22 पर नॉटआउट है तो वहीं मध्य प्रदेश के भोपाल में अपने पहले शतक से केवल 40 पैसे दूर है। अनूपपुर जिले में सामान्य पेट्रोल की कीमत पहले ही 100 रुपये का आंकड़ा पार चुकी है। आज यहां 100.98 रुपये लीटर बिक रहा है। राजस्थान के अजमेर में पेट्रोल 96.78 रुपये और डीजल 89.13 रुपये प्रति लीटर रेट पर है। बीकानेर में आज पेट्रोल का दाम 99.42 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 91.55 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है. इसके अलावा जोधपुर में पेट्रोल 96.97 रुपये प्रति लीटर और डीजल 89.32 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है।