निगम उपचुनाव तय करेगा बीजेपी का भविष्य!

-उत्तरी दिल्ली की 2 और पूर्वी दिल्ली की 3 सीटों पर होगा उप चुनाव
-चार पार्षदों के विधायक बनने और एक की मृत्यु के बाद खाली हुई सीट

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
नगर निगमों की राजनीति को लेकर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच तलवारें खिंची हुई हैं। बीजेपी 13 हजार करोड़ की मांग को लेकर केजरीवाल सरकार को लगातार घेर रही है। दूसरी ओर डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने केंद्र सरकार से नगर निगमों के लिए 12 हजार करोड़ की मांग रख दी है। इसी बीच दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निगम की पांच सीटों पर उपचुनाव का ऐलान कर दिया है। माना जा रहा है कि यह उपचुनाव नगर निगम में बीजेपी का भविष्य तय करेगा। खास बात है कि पांच में चार सीट पर 2017 का निगम चुनाव जीतने वाले पार्षद 2020 में हुए चुनाव में विधायक बन गए हैं।

यह भी पढ़ें- सेलरी का पैसा नहीं और हरदयाल लायब्रेरी पर लाखों खर्च कर रहा नगर निगम

दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग ने 13 जनवरी को जारी की गई अधिसूचना में पांच वार्डों में निगम पार्षदों के चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की है। यह चुनाव फरवरी महीने में कराए जा सकते हैं। उपचुनाव के संबंध में अभी पूरी अधिसूचना आनी बाकी है। बता दें कि उत्तरी दिल्ली की दो रोहिणी-सी वार्ड संख्या 32 व शालीमार बाग नॉर्थ वार्ड संख्या 62 और पूर्वी दिल्ली की तीन निगम सीटों त्रिलोकपुरी वार्ड संख्या 2, कल्याण पुरी वार्ड संख्या 8 व चौहान बांगर वार्ड संख्या 41 पर उपचुनाव होना है।

यह भी पढ़ें- बॉलीवुड का घिनौना चेहराः ‘‘उसने अपने पेंट में से … निकाला और बोला, इसे फील करो’’-शर्लिन

उत्तरी दिल्ली नगर निगम की राहिणी-सी, वार्ड संख्या-32 की सीट पूर्व निगम पार्षद जयभगवान के विधायक चुने जाने के बाद से खाली है। जयभगवान ने यह सीट बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर जीती थी। उन्हें 2017 के नगर निगम चुनाव में 10,621 वोट मिले थे। इस सीट पर बीजेपी के राकेश दूसरे नंबर पर रहे थे। उन्हें 7,952 वोट मिले थे। तब बसपा ने यह सीट 2,669 वोट के अंतर से जीती थी। बाद में जयभगवान आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे और फिलहाल वह विधायक हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली सरकार ने मोदी सरकार से मांगे 12 हजार करोड़, नगर निगमों को आर्थिक मदद की वकालत

उत्तरी दिल्ली नगर निगम की ही शालीमार बाग नॉर्थ, वार्ड संख्या 62 पर 2017 के नगर निगम चुनाव में बीजेपी की रेनू जाजू ने जीत हासिल की थी। उन्हें तब 9,975 वोट मिले थे। 2017 में आम आदमी पार्टी की सुनीता मिश्रा दूसरे स्थान पर रही थीं। उन्हें 6,422 वोट हासिल हुए थे। बीजेपी ने यह सीट पिछले चुनाव में 3553 वोट का अंतर से जीती थी।

यह भी पढ़ें- जानें क्या होगा असर…गुरू, शनि और सूर्य का सफर… किस पर है राहु और केतु की टेढ़ी नजर?

पूर्वी दिल्ली नगर निगम की त्रिलोकपुरी, वार्ड संख्या-2 की सीट आम आदमी पार्टी के रोहित कुमार ने 9,499 वोट हासिल करके जीती थी। 2017 के निगम चुनाव में बीजेपी के राजेश कुमार को कुल 6,450 वोट हासिल हुए थे। आप ने बीजेपी से यह सीट 3,049 वोट के अंतर से जीती थी।

पूर्वी दिल्ली की ही कल्याणपुरी, वार्ड संख्या-8 की सीट आम आदमी पार्टी के कुलदीप कुमार ने जीती थी। कुलदीप कुमार को तब 8,260 वोट हासिल हुए थे। बीजेपी के मनोज कुमार 7,386 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे थे। आप ने यह सीट 2017 में 874 वोट के अंतर से जीती थी।

पूर्वी दिल्ली की तीसरी खाली हुई चौहान बांगर, वार्ड संख्या-41 की सीट भी 2017 के निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी के अब्दुल रहमान ने 8,830 वोट हासिल करके जीती थी। यहां कांग्रेस के मो. जावेद बरकी 6,488 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे थे। आप ने कांग्रेस से यह सीट 2,342 वोट के अंतर से जीती थी। जबकि बीजेपी यहां तीसरे स्थान पर रही थी।
2017 के निगम चुनाव में नॉर्थ दिल्ली में वोटों में विभिन्न दलों की हिस्सेदारी
बीजेपी को 35.63 फीसदी
आप को 27.88 फीसदी
कांग्रेस को 20.73 फीसदी
बसपा को 4.54 फीसदी
निर्दलीयों को 8.56 फीसदी
2017 के निगम चुनाव में ईस्ट दिल्ली में वोटों में विभिन्न दलों की हिस्सेदारी
बीजेपी को 38.61 फीसदी
आप को 23.40 फीसदी
कांग्रेस को 22.84 फीसदी
बसपा को 6.01 फीसदी
निर्दलीयों को 5.81 फीसदी