हिंदूराव अस्पताल में कोरोना मरीजों के लिए 20 आईसीयू बैड की व्यवस्था

-उत्तरी दिल्ली के महापौर ने कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनज़र हिंदुराव अस्पताल का किया निरीक्षण
-दिल्ली सरकार ने खर्च देने से खड़े किये हाथ, नहीं चुकाया डॉक्टर्स के होटल के बिलों का पैसा

एसए ब्यूरो/ नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने अपने सबसे बड़े हिंदूराव अस्पताल में 20 आइसीयू बैड की व्यवस्था की है। महापौर, जय प्रकाश ने मंगलवार को हिंदुराव अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हिंदुराव अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. अनू कपूर व निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- BJP: प्रभारियों में फेरबदल… डेढ़ साल पहले बीजपी में आए बैजयंत पांडा बने दिल्ली के प्रभारी

महापौर जय प्रकाश ने बताया कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तरी दिल्ली नगर निगम के हिंदुराव अस्पताल में कोरोना के मरीजों के लिए अलग से 20 आईसीयू बेड की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि बेड की संख्या को और बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम नागरिकों की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहती है मगर दिल्ली सरकार को भी निगम को उसके हक का फंड देना चाहिए।
दिल्ली सरकार ने खर्च देने से किया इनकार!
इससे पहले भी उत्तरी दिल्ली नगर निगम के हिंदूराव अस्पताल को कोरोना के मरीजों के इलाज के लिए सुरक्षित किया गया था। दिल्ली सरकार ने हिंदूराव अस्पताल को इसके लिए अधिसूचित किया था। उस समय यह भी तय हुआ था कि जो डॉक्टर्स ड्यूटी पर रहेंगे, उनके ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था अस्पताल के आस-पास स्थित होटलों में की जाएगी। इसका पूरा खर्च दिल्ली सरकार को उठाना था।

यह भी पढ़ें- अगले एक माह 6 राशियों को मिलेगा शुक्र का वरदान… 4 राशियों को सूर्य कर सकते हैं परेशान!

निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक अब दिल्ली सरकार ने डॉक्टर्स पर हुए खर्च का भुगतान करने से इनकार कर दिया है। नगर निगम की ओर से इस खर्च के भुगतान के लिए दिल्ली सरकार को बिल भेजे गये थे। लेकिन वहां से कोई भुगतान नहीं किया गया है।