मध्य प्रदेश से राज्यसभा में बीजेपी का कब्जा बरकरार

-कांग्रेस के दिग्विजय सिंह जीते, दलित नेता बरैया हारे
-ज्योतिरादित्य और सुमेर सिंह पहली बार राज्यसभा पहुंचे

टीम एटूजैड/ भोपाल
मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। बीजेपी की यहां दो सीट खाली हुई थीं और दोनों सीट पर पार्टी ने फिर से जीत हासिल की है। जबकि कांग्रेस भी अपनी खाली हुई एक सीट पर फिर से कब्जा करने में कामयाब रही है। बीजेपी के टिकट पर जीते ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह सोलंकी पहली बार चुनकर राज्यसभा में पहुंचे हैं।

यह भी पढ़ेंः- दिल्ली बीजेपी में लंबे समय से पद हथियाते चले आ रहे नताओं की होगी छुट्टी!

मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए सुबह 9 बजे वोटिंग शुरू हो गई थी। चुनाव के नतीजे बीजेपी के पक्ष में रहे। बीजेपी के दोनों उम्मीदवारों ने चुनाव में जीत हासिल की है। कुल 206 विधायकों ने इस चुनाव में अपने मत का प्रयोग किया है। हालांकि बीजेपी को चुनाव में 2 वोट का नुकसान हुआ है। एक विधायक ने क्रॉस वोटिंग की और दूसरे विधायक का वोट रद्द कर दिया गया।

यह भी पढ़ेंः- SOUTH DMC: मई में किया ऑक्शन और मार्च के नो ड्यूज पर दे दिए पार्किंग के ठेके

माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी सटीक रणनीति के चलते कांग्रेस को चारों खाने चित कर दिया है। कांग्रेस के 22 विधायकों के इस्तीफे के बाद प्रदेश में समीकरण गड़बड़ा गया था। उसके बाद से ही साफ हो गया था कि राज्यसभा की 3 में से 2 सीटें बीजेपी के खाते में जाएंगी। राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए एमपी में 1 उम्मीदवार को 52 वोट चाहिए थे।

यह भी पढ़ेंः- झारखंड में कांग्रेस को झटका… बीजेपी-झामुमो ने खेला 50-50 मैच

बीजेपी के पास अपने 107 विधायक हैं। ऐसे में दोनों उम्मीदवारों की जीत पहले से ही सुनिश्चित थी। हालांकि कांग्रेस के दिग्विजय सिंह को सबसे ज्यादा 57 वोट मिले। जबकि बीजेपी के ज्योतिरादित्य सिंधिया को 56 और सुमेर सिंह सोलंकी को 55 वोट हासिल हुए। कांग्रेस के दूसरे उम्मीदवार फूल सिंह बरैया को केवल 36 वोट ही मिल सके, जबकि 2 वोट रद्द कर दिये गए।
कांग्रेस से दिग्विजय सिंह जाएंगे राज्यसभा
कांग्रेस ने भी राज्यसभा में 2 उम्मीदवार उतारे थे। वरीयता वाली सीट से दिग्विजय सिंह थे और दूसरी सीट पर फूल सिंह बरैया थे। विधायकों की संख्या कम होने की वजह से सिर्फ दिग्विजय सिंह की ही जीत हुई है। दिग्विजय सिंह दूसरी बार राज्य सभा जा रहे हैं। वर्तमान चुनाव के लिए उनकी सीट ही खाली हुई थी।