-झामुमो के शिबू सोरेन और बीजेपी के दीपक प्रकाश को मिली जीत
-राज्यसभा मैच में कांग्रेस के शहजादा अनवर 18 रन पर क्लीन बोल्ड
टीम एटूजैड/ रांची
राज्यसभा चुनाव के लिए झारखंड में खेला गया मैच बीजेपी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच बराबरा पर छूटा। दोनों दलों को एक-एक सीट हासिल हुई है। जबकि कांग्रेस के शहजादा अनवर केवल 18 रन बनाकर क्लीन बोल्ड ओ गए। जी हां, राज्य की दो राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव में शिबू सोरेन और दीपक प्रकाश ने जीत दर्ज की है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को सबसे ज्यादा 31 वोट मिले हैं। जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के शिबू सोरेन को 30 और कांग्रेस के प्रत्याशी शहजादा अनवर को 18 वोट हासिल हुए।
यह भी पढ़ेंः- राज्यसभा चुनावः 8 सीटों पर जीत, फिर भी बीजेपी बहुमत से दूर
विधानसभा भवन में शुक्रवार को सुबह 9 बजे से 2ः30 बजे के बीच राज्य के सभी 79 विधायकों ने मतदान किया। 81 सदस्यों वाली झारखंड विधानसभा में फिलहाल 79 सदस्य हैं। यहां दो सीट खाली हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा के भूषण तिर्की ने अपना मत डाला, जबकि सबसे अंत में भाजपा के विद्रोही निर्दलीय सरयू रॉय ने मतदान किया।
यह भी पढ़ेंः- दिल्ली बीजेपी में लंबे समय से पद हथियाते चले आ रहे नताओं की होगी छुट्टी!
झारखंड राज्य की दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव मैदान में सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन के अलावा मुख्य विपक्षी दल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और कांग्रेस के शहजादा अनवर उम्मीदवार थे। राज्य की दोनों सीटें निर्दलीय परिमल नाथवानी एवं राष्ट्रीय जनता दल के प्रेमचंद्र गुप्ता का कार्यकाल पूरा होने से रिक्त हुई हैं।
यह भी पढ़ेंः- SOUTH DMC: मई में किया ऑक्शन और मार्च के नो ड्यूज पर दे दिए पार्किंग के ठेके
भाजपा के सभी 26 विधायक तय रणनीति के अनुसार एक बस में सवार होकर एक साथ विधानसभा परिसर पहुंचकर मतदान किया। इसके तुरंत बाद भाजपा की गठबंधन सहयोगी ऑल झारखंड स्टूडेंट्स पार्टी (आजसू) के प्रमुख सुदेश महतो व उनके दूसरे विधायक लंबोदर महतो विधानसभा पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
बीजेपी के खाते में निर्दलीय का वोट
निर्दलीय विधायक अमित यादव ने भी मतदान करने के बाद बताया कि उन्होंने भाजपा प्रत्याशी दीपक प्रकाश के पक्ष में मतदान किया है। दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा पहुंचकर अपना वोट डाला। दोपहर बाद मतदान में एक बार फिर तेजी आयी, जब झारखंड मुक्ति मोर्चा के शेष विधायकों और कांग्रेस विधायकों ने मतदान किया।
सरयू राय ने सबसे बाद में डाला वोट
बीजेपी से विद्रोह कर चुनाव जीते सरयू रॉय सबसे बाद में अपना वोट डालने पहुंचे। मतदान के बाद बताया कि उन्होंने अपने वादे के अनुसार भाजपा के दीपक प्रकाश को वोट दिया है। उन्होंने मीडिया के साथ बातचीत में कहा कि वास्तव में झामुमो और भाजपा के प्रत्याशियों के अलावा तीसरे उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतारना उचित नहीं था।
26 विधायक और बीजेपी को मिले 31 वोट
झारखंड विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के पास कुल 26 विधायक हैं। जबकि बीजेपी उम्मीदवार दीपक प्रकाश को 31 वोट हासिल हुए। सरयू रॉय ने कहा कि कांग्रेस को अपना उम्मीदवार चुनाव में नहीं उतारना चाहिए था। झारखंड विधानसभा में इस समय दो सीटें खाली हैं। यहां दो सीट पर तीन उम्मीदवार मैदान में थे। लिहाजा, 79 सदस्यीय सदन में किसी भी उम्मीदवार को चुनाव जीतने के लिए कम से कम 27 वोट की जरूरत थी।
यह भी पढ़ेंः- बख्शे नहीं जाएंगे अनुशासनहीनता करने वालेः आदेश गुप्ता
झारखंड विधानसभा में सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के पास कुल 29 विधायक हैं। जबकि झामुमो उम्मीदवार शिबू सोरेन को कुल 30 वोट हासिल हुए। जबकि बीजेपी के पास कुल 26 विधायक हैं और बीजेपी के प्रत्याशी दीपक प्रकाश को सबसे ज्यादा 31 विधायकों का समर्थन प्राप्त हुआ। झामुमो की सहयोगी पार्टी कांग्रेस के शहजादा अनवर को कुल 18 वोट ही मिल पाये। विधानसभा में 15 सदस्यों वाली पार्टी कांग्रेस को प्रदीप यादव और बंधु तिर्की के अलावा एक और सदस्य का वोट प्राप्त हुआ।