-निगम विद्यालयों में स्मार्ट बोर्ड और बुनियादी सुविधाओं का होगा विस्तार
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 27 अक्टूबर 2026।
मंगलवार को आयोजित दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति की बैठक में निगम विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए कई अहम फैसले लिये गये। शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में लिए गए निर्णयों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लागू किया जाए, ताकि निगम के विद्यालयों में व्यापक एवं सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित किए जा सकें।
योगेश वर्मा ने बताया कि शिक्षा समिति ने सभी जोनों को स्कूल चलो अभियान को पूरी गंभीरता एवं प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक विद्यालय को चालू माह में कम से कम 30 नए बच्चों के दाखिले का लक्ष्य निर्धारित करने के लिए कहा गया है ताकि निगम के विद्यालयों में चालू सत्र में कुल 50,000 नए दाखिले सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
योगेश वर्मा ने आगे बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनमें अच्छे संस्कार विकसित करने के उद्देश्य से शिक्षाविदों की एक विशेष समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। समिति एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इसमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्यों एवं अन्य उपयोगी गतिविधियों को विद्यालयी शिक्षा में शामिल करने के सुझाव दिए जाएंगे।


