-पद्मभूषण कपिल देव रहे मौजूद
एसएस ब्यूरो/ नवा रायपुर, 15 सितंबर।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में नवा रायपुर ओपन 2026 का उद्घाटन किया। इस मौके पर पूर्व क्रिकेटर एवं पद्मभूषण कपिल देव भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिक पेशेवर गोल्फ टूर्नामेंटों की मेजबानी से पर्यटकों को आकर्षित करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा नवा रायपुर में पर्यटन, आतिथ्य और स्थानीय व्यवसायों के लिए नए अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी। इस मौके पर ट्राफी का अनावरण भी किया गया।
एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले इस टूर्नामेंट में 132 पेशेवर गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता 15 से 18 सितंबर तक खेली जाएगी। नवा रायपुर में यह दूसरी प्रतियोगिता है।
टूर्नामेंट में भारत के कई शीर्ष पेशेवर खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें वीर अहलावत, मनु गंडास, अक्षय शर्मा, हनी बैसोया, खालिन जोशी, राशिद खान और महू के ओम प्रकाश चैहान शामिल हैं।
वीर अहलावत 2026 एशियाई खेलों में जापान के आइची-नागोया में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके साथ युवराज संधू और सप्तक तलवार भी भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले प्रमुख विदेशी खिलाड़ियों में श्रीलंका के एन. थंगराजा और मिथुन परेरा, चेक गणराज्य के स्टेपन डानेक, थाईलैंड के तनापत पिचाईकूल, बांग्लादेश के जमाल हुसैन और बादल हुसैन, नेपाल के सुभाष तमांग, युगांडा के जोशुआ सील, अमेरिका के कोइचिरो सातो और डोमिनिक पिचिरिलो, जापान के ताइगा तनाका, आयरलैंड के डेक्लान केनी और कनाडा के सुखराज सिंह गिल शामिल हैं।


