बीजेपी एमएलए का कारनामाः अपने ही मंडल अध्यक्ष को नंगा करके रात भर पीटा!

-मुंडका विधानसभा क्षेत्र के कंझावला मंडल का मामला

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 12 सितंबर।
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी में एक बार फिर से सनसनीखेज खबर सामने आई है। वजीरपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक और निगम पार्षद के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद एक और विधायक के द्वारा अपने ही मंडल अध्यक्ष के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।
मारपीट की यह घटना मुंडका विधानसभा क्षेत्र के कंझावला वार्ड के मंडल अध्यक्ष के साथ हुई है। आरोप है कि मुंडका से बीजेपी विधायक गजेंद्र दराल ने अपने ही विधानसभा क्षेत्र के कंझावला वार्ड के मंडल अध्यक्ष सुनील को रात भर अपने यहां बंधक बनाकर रखा और नंगा करके पीटा। पीड़ित सुनील कुमार और उसके भाई ने आरोप लगाया है कि वोटिंग लिस्ट के नाम पर पहले उसे बुलाया गया और फिर उसके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालीगलौज और मारपीट की गई।
सुनील के शरीर पर मारपीट के नीले निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। एमएलसी में भी डाॅक्टर्स ने इसका जिक्र किया है। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने भी इस मामले को जोर-शोर से उठाया है। आश्चर्य की बात है कि प्रदेश बीजेपी की ओर से इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।