सेवानिवृत्त IAS अधिकारी SCL दास ने संभाली DERC के चेयरमैन के पद की जिम्मेदारी

-दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने आज अपने कार्यालय में सीएल दास को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई

एसएस ब्यूरो/नई दिल्ली, 10 सितंबर 2026।
दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने आज सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री एस.सी.एल. दास को दिल्ली विद्युत नियामक आयोग (डीईआरसी) के चेयरमैन पद की शपथ दिलाई। श्री दास ने इस अवसर पर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस अवसर पर आशीष सूद ने एस.सी.एल. दास को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनके व्यापक प्रशासनिक अनुभव का लाभ दिल्ली के विद्युत क्षेत्र को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार बिजली क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और उपभोक्ता हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। एस.सी.एल. दास के अनुभव और प्रशासनिक दक्षता से दिल्ली विद्युत नियामक आयोग के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
डीईआरसी की भूमिका दिल्ली में विद्युत क्षेत्र के नियमन, उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा तथा बिजली वितरण से संबंधित महत्वपूर्ण मामलों के नियमन में अहम है। ऊर्जा मंत्री ने उम्मीद जताई कि श्री दास अपने अनुभव और विशेषज्ञता के माध्यम से आयोग के दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे।