दिल्ली प्रीमियर लीग-2026 महिला चैंपियन बनी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स

-फाइनल में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को छह विकेट से हराया।

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 3 सितंबर।
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स (महिला) ने अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 महिला प्रतियोगिता के फाइनल में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज (महिला) को छह विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। 123 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 19 ओवर में चार विकेट पर 128 रन बनाकर खिताब पर कब्जा किया। इससे पहले साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 122 रन बनाए।
कप्तान श्वेता सेहरावत ने 32 गेंदों पर तीन चैकों की मदद से 31 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर निशिका सिंह 30 गेंदों पर चार चैकों और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाकर नाबाद रहीं। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए सुपरस्टार्ज को बड़ा स्कोर बनाने से रोके रखा। प्रिया मिश्रा, नाजमा, अर्चना, रेशिका बेनीवाल और अपेक्षा आनंद ने एक-एक विकेट लिया। गेंदबाजों ने पूरी पारी के दौरान लगातार दबाव बनाए रखा।
अपेक्षा आनंद सबसे किफायती गेंदबाज रहीं। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में केवल 13 रन दिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की शुरुआत उपासना यादव ने सकारात्मक अंदाज में की। उन्होंने आठ गेंदों पर दो चैकों की मदद से नौ रन बनाए। हालांकि, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने शुरुआती विकेट हासिल करते हुए वापसी की और स्ट्राइकर्स का स्कोर दो विकेट पर 15 रन कर दिया।
इसके बाद कप्तान आयुषी सोनी और अर्चना ने महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला। आयुषी ने 39 गेंदों पर 43 रन बनाए, जबकि अर्चना ने 36 गेंदों पर चार चैकों और एक छक्के की मदद से 40 रन की अहम पारी खेली। नॉर्थ दिल्ली को अंतिम चार ओवरों में जीत के लिए 20 रन की जरूरत थी और मुकाबला उस समय भी रोमांचक स्थिति में था।
हालांकि, नाजमा ने दबाव के बीच संयम बनाए रखा और 19 गेंदों पर चार चैकों की मदद से नाबाद 24 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। समायरा राघव ने भी छह गेंदों पर नाबाद सात रन बनाए, जिसमें एक छक्का शामिल था। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने पारी के 19वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर छह विकेट से यादगार जीत दर्ज की और महिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।