-18-20 जनवरी के बीच भीषण ठंड के दौरान मौसम फिर लेगा करवट
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली।
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है। तापमान रोज निचले स्तर की ओर खिसक रहा है। इस बीच बुधवार के लिए भी शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। स्काईमेट के अनुसार, 18 से 20 जनवरी के बीच दिल्ली में बारिश होने की आसार हैं। इसके बाद 26 जनवरी के आसपास ठंड की एक और लहर आ सकती है। इस बार ठंड जनवरी के अंत या फरवरी की शुरुआत तक बनी रह सकती है। मंगलवार और बुधवार को ठंड इतनी ज्यादा थी कि लोगों को घरों के अंदर भी परेशानी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 3 डिग्री पहुंच गया था। यह सामान्य से 4.4 डिग्री कम है। यह इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। पालम में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री, लोदी रोड में 3 डिग्री, रिज में 4.4 डिग्री, आया नगर में 3.2 डिग्री, गुरुग्राम में 3.3 डिग्री और फरीदाबाद में 4.3 डिग्री दर्ज किया गया।
कई जगहों पर 21 डिग्री से ऊपर रहा अधिकतम तापमान
तेज धूप निकलने से दिन में कुछ राहत मिली और अधिकतम तापमान कई जगह 21 डिग्री से ऊपर रहा। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 21.6 दिखा। लोदी रोड में 22 डिग्री, रिम में 21.4 डिग्री, आया नगर में 21.9 डिग्री और फरीदाबाद में 22.3 डिग्री रहा। बुधवार को आम तौर पर असमान साफ रहा लेकिन कुछ इलाकों में शीतलहर जारी रही। अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री के आसपास रहा।
प्रदूषण का स्तर फिर से बढ़ा
प्रदूषण का स्तर दो दिन बाद फिर से बढ़कर बेहद खराब हो गया। हवाओं के कम होने की वजह से इसमें यह इजाफा हुआ है। अगले करीब दस दिनों तक प्रदूषण बेहद खराबी के स्तर पर ही रह सकता है। सीपीसीबी के एयर बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली का एक्यूआई 360 रहा। यह जनवरी का दूसरा सबसे प्रदूषित दिन रहा। इससे पहले एक जनवरी को यह 380 था।
फरीदाबाद का एक्यूआई 254, गाजियाबाद का 358, ग्रेटर नोएडा का 384, गुरुग्राम का 378 वहीं नोएडा का 367 रहा। वहीं दिल्ली में पांच जगहों पर एक्यूआई 400 से ऊपर पहुंच गया। इनमें रोहिणी का एक्यूआई 406, एनएसआईटी द्वारका का 411, नेहरू नगर का 416, जहांगीरपुरी का 407, द्वार का सेक्टर-8 में 426 और आनंद विहार का 436 रहा।


