-12 सीट के लिए कुल 133 लोगों ने किये थे नामांकन
-59 पुरूष एवं 74 महिलाओं ने किये थे पर्चे दाखिल
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 12 नवंबर।
दिल्ली नगर निगम (MCD) की 12 खाली सीटों पर होने जा रहे उप चुनाव के लिए अब 53 उम्मीदवार मैदान में रह गये हैं। जांच के बाद चुनाव आयोग ने 80 उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों को खारिज कर दिया है। गौरतलब है कि कुल 133 लोगों ने एमसीडी उप चुनाव के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किये थे। इनमें 59 पुरूष एवं 74 महिलाएं शामिल हैं। 12 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच की गई थी और इसके पश्चात केवल 53 उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों को सही पाया गया है। कोई भी उम्मीदवार शनिवार 15 नवंबर तक अपना नामांकन वापस ले सकता है।
नामांकन पत्रों की जांच के पश्चात अब मुंडका वार्ड के लिए 4, शालीमार बाग-बी वार्ड के लिए 5, अशोक विहार वार्ड के लिए 4, चांदनी चौक वार्ड के लिए 5, चांदनी महल वार्ड के लिए 4, द्वारका-बी वार्ड के लिए 3, दिचाऊं कला वार्ड के लिए 4, नारायणा वार्ड के लिए 8, संगम विहार-ए वार्ड के लिए 4, दक्षिण पुरी वार्ड के लिए 3, ग्रेटर कैलाश वार्ड के लिए 3 और विनोद नगर वार्ड के लिए अब 6 उम्मीदवार मैदान में रह गये हैं।


