-नाजिया दानिश ने साधा एमसीडी में सत्ताधारी बीजेपी, विपक्षी दल आम आदमी पार्टी और आईवीपी पर निशाना
-स्वर्गीय शीला दीक्षित को पता होता कि एमसीडी की सत्ता में ऐसे लोग आने वाले हैं तो पहले ही पक्का हो जाते डीबीसी कर्मचारीः नाजिया दानिश
नई दिल्ली/ 29 सितंबर, 2025।
सोमवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर गये एमसीडी के एमटीएस (पब्लिक हेल्थ) कर्मचारियों के आंदोलन को कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया है। सोमवार को धरना-प्रदर्शन के पहले दिन एमसीडी में कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश के साथ पार्टी के सभी निगम पार्षद धरने में शामिल हुए। जिनमें मिर्जा जावेद, हाजी जरीफ, समीर अहमद, नाजिया खातून, जावेद चौधरी, कासिम जमील और राजेश गुप्ता के नाम शामिल हैं। हड़ताली कर्मचारियों का हौसला बढ़ाने के लिए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव और पूर्व निगम पार्षद एवं वरिष्ठ कांग्रसी नेता अभिषेक दत्त भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मेयर राजा इकबाल सिंह और निगम आयुक्त अश्विनी कुमार से मांग की कि हड़ताल पर गये कर्मचारियों की मांगों को तुरंत माना जाये।
नाजिया दानिश ने धरने पर बैठे एमसीडी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शीला दीक्षित को मालूम होता कि आने वाले दिनों में दिल्ली की सत्ता में आने वाली बीजेपी और आप की सरकारें इतनी झूठी, जालसाज और मक्कार होंगी तो वह पहले ही डीबीसी कर्मचारियों को पक्का कर देतीं। फिर इन कर्मचारियों का आज हड़ताल और धरना-प्रदर्शन नहीं करना पड़ता।
नाजिया दानिश ने डीबीसी कर्मचारियों के अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाने को लेकर बीजेपी, आम आदमी पार्टी और इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के ऊपर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हर दबे-कुचले, गरीब और पिछड़े वर्ग के लोगों के साथ खड़ी है। हम हड़ताल पर गये इन कर्मचारियों के हर कदम पर साथ खड़े हैं और तब तक धरने पर बैठेंगे जब तक इनकी मांगे पूरी नहीं कर दी जातीं।