-निगम विद्यालयों की गुणवत्ता सुधार को बनाया प्राथमिकता
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 22 जुलाई।
दिल्ली के उप महापौर जयभगवान यादव ने मंगलवार को अपने कार्यालय में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों की मरम्मत, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों को उपलब्ध कराई जाने वाली किताबें और स्टेशनरी, निगम विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती सहित कई अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उप महापौर जयभगवान यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगम विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और शिक्षा व्यवस्था को निरंतर बेहतर बनाना हमारा प्रमुख लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि नगर निगम के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उत्कृष्ट आधारभूत सुविधाएं भी प्राप्त करें।
जयभगवान यादव ने यह भी कहा कि दिल्ली नगर निगम में भाजपा की सरकार शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए हर संभव प्रयास कर रही है ताकि निगम के विद्यालयों में पढ़ने वाले सभी छात्र बेहतरीन सुविधाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे शीघ्रता से मरम्मत कार्यों को पूरा करने और शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में तत्परता दिखाएं।
बैठक में यह भी तय किया गया कि निगम विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाएगा ताकि स्कूल संचालन में किसी प्रकार की कमी न रहे और बच्चों को बेहतर शिक्षा माहौल प्रदान किया जा सके।


