मेयर चुनाव के बाद ठंडा पड़ा ‘यूजर चार्ज’ का मुद्दा… AAP-BJP ने बंद की बयानबाजी

-सार्थक जन मंच ने की यूजर चार्ज को वापस लेने की मांग

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 14 मई।
राजधानी दिल्ली (Delhi) में मेयर एवं डिप्टी मेयर (Mayor and Deputy Mayor) के चुनाव के बाद ‘यूजर चार्ज’ (User Charge) का मुद्दा ठंडा पड़ता दिखाई दे रहा है। आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) दोनों ने ही इस मुद्दे पर बयानबाजी बंद कर दी है। मेयर का चुनाव जीतने के तुरंत बाद बीजेपी नेता और मेयर राजा इकबाल सिंह ने घोषणा की थी कि ‘इसी साल से दिल्ली वालों पर थोपे गये ‘यूजर चार्ज’ को वापस लिया जायेगा। जिन लोगों ने अपने संपत्ति कर के साथ इसे जमा करा दिया है, उन लोगों के संपत्ति कर में अगले वर्ष में इसे समाहित कर लिया जायेगा।’ परंतु अभी तक इस मामले में निगम आयुक्त आयुक्त कार्यालय की ओर से कोई सूचना जारी नहीं की गई है।
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली नगर निगम में अपनी पार्टी का नेतृत्व परिवर्तन करते हुए नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी अंकुश नारंग को सोंपी है। उन्होंने अपनी नियुक्ति के तुरंत बाद अपनी पार्टी के कुछ नेताओं के साथ निगम आयुक्त से मिलकर यूजर चार्ज को वापस लेने की मांग करने की कोशिश की थी। परंतु निगम आयुक्त उस दिन आप नेताओं से नहीं मिले थे। इसके बाद से ही यह मुद्दा फिलहाल ठंडे बस्ते में चला गया है।
स्वयं सेवी संगठन सार्थक जन मंच ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मेयर राजा इकबाल सिंह एवं निगम आयुक्त ज्ञानेश भारती को पत्र लिखकर मांग की है कि इसी वित्त वर्ष में दिल्ली वालों के ऊपर थोपे गये ‘यूजर चार्ज’ को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाये और इसके संबंध में तुरंत एक अधिसूचना जारी की जाये।