लोकसभा चुनाव में महिला उत्पीड़न के आरोपी को वोट डालने को मजबूर हुए सोनिया, राहुल, प्रियंका!

-कांग्रेस उम्मीदवार के बजाय आप उम्मीदवार को वोट डालने के लिए मजबूर हुआ गांधी परिवार
-आम आदमी पार्टीने दिल्ली में अपने कोटे की 4 सीटों पर किया उम्मीदवारों के नामों का ऐलान

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 27 फरवरी।
सियासत जंग का वह मैदान है, जहां दुश्मनों से कब दोस्ती करनी पड़ जाये और दोस्त कब अदावत पर उतर आयें, यह कोई नहीं जानता। लंबे समय तक देश पर राज करने वाले गांधी परिवार के लोग अब कांग्रेस (Congress) के बजाय आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार को वोट देने के लिए मजबूर हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में शामिल सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) , राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) व उनके परिवार के लोग महिला उत्पीड़न के आरोपी को वोट डालेंगे।
दरअसल इंडी गठबंधन में शामिल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में हुए समझौते के मुताबिक दिल्ली की चार लोकसभा सीटों पर आम आप ने मंगलवार को अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। नई दिल्ली सीट से आप ने अपने पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती को चुनावी मैदान में उतारा है। सोमनाथ भारती (Somnath Bharti) का मंत्री पद फर्जी डिग्री, पोर्न वीडियो ईमेल मामले में चला गया था। उनकी पत्नी ने सोमनाथ भारती पर घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाये थे। परंतु अब आप मुखिया अरविंद केजरीवाल ने सोमनाथ भारती को नई दिल्ली सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। बता दें कि कांग्रेस की शीर्ष लीडरशिप नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में ही रहती है, इसलिए आप उम्मीदवार को वोट देना उनकी मजबूरी बन गई है।
आम आदमी पार्टी ने दक्षिणी दिल्ली सीट से अपने विधायक सहीराम पहलवान, पश्चिमी दिल्ली सीट से पूर्व सांसद महाबल मिश्रा और पूर्वी दिल्ली सीट से आप विधायक कुलदीप कुमार को लोकसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है। कांग्रेस को दिल्ली की 7 में से तीन सीटों पर चुनाव लड़ना है। इनमें उत्तर पूर्वी दिल्ली, चांदनी चौक और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली सीट शामिल हैं। कांग्रेस ने अभी अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं किया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी में अपने उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा शुरू हो गई है।
राहुल गांधी को झटकाः वायनाड सीट से CPI ने उतारा उम्मीदवार
केरल में इंडी गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। राहुल की वर्तमान वायनाड सीट से सीपीआई ने पार्टी महासचिव डी राजा की पत्नी एनी राजा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी व दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करने में व्यस्त रहे और दूसरी ओर केरल में उनकी अपनी लोकसभा सीट पर सहयोगी पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया।