BJP: लंबा इंतजार खत्मः प्रदेश पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष घोषित, A2Z NEWS की खबर सच साबित हुई

-प्रदेश कार्यकारिणी की सूची से कई बड़े नामों की छुट्टी
-अशोक गोयल, राजीव बब्बर, कुलजीत चहल जैसे नेता टीम से बाहर
-बार-बार विवादित रहे हुकुम सिंह को कार्यालय मंत्री पद से हटाया

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 1 अगस्त, 2023।
लंबे इंतजार के बाद दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने पदाधिकारियो, जिला अध्यक्षों व कार्यकारिणी की सूची जारी कर दी है। नये पदाधिकारियों की सूची से प्रदेश उपाध्यक्ष रहे अशोक गोयल व राजीव बब्बर महामंत्री रहे कुलजीत चहल के नाम बाहर हो गये हैं। यह तीनों ही नेता पिछले कई प्रदेश अध्यक्षों की सूची में लगातार शामिल रहे हैं। बता दें कि एटूजेड न्यूज ने सोमवार को ही यह खबर प्रमुखता क साथ प्रकाशित की थी कि मंगलवार को दिल्ली बीजेपी की प्रदेश पदाधिकारियों की सूची जारी की जा सकती है।
प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की ओर से जारी प्रदेश पदाधिकारियों की सूची के अनुसार दिनेश प्रताप सिंह को महामंत्री से प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि हर्ष मलहोत्रा अपनी महामंत्री की कुर्सी बचाने में कामयाब रहे हैं। दिनेश प्रताप सिंह के साथ उपाध्यक्षों में गजेंद्र यादव, विष्णु मित्तल, लता गुप्ता, योगिता सिंह, सुनीता कांग़ड़ा और विनय रावत के नाम शामिल हैं। वहीं महामंत्री की कुर्सी पर हर्ष मलहोत्रा के साथ योगेंद्र चंदोलिया और कमलजीत सहरावत को स्थान मिला है।
प्रदेश मंत्रियों में हरीश खुराना, इंप्रीत सिंह बख्शी, बांसुरी स्वराज, विनोद बछेती, किशन शर्मा, सारिका जैन, सोना कुमारी और नरेश ऐरेन के नाम हैं। सतीश गर्ग को प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का नया कोषाध्यक्ष बनाया गया है। पुराने कोषाध्यक्ष विष्णू मित्तल उपाध्यक्ष का पद पाने में सफल रहे हैं।
दिल्ली प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के पदाधिकारियों की घोषणा भी कर दी है। युवा मोर्चा का अध्यक्ष शशि यादव को बनाया गया है। जबकि गौरव पाराशर, निघत अब्बास और सुमित त्यागी को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। पार्टी ने ऋचा पांडे को महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया है। उनके साथ प्रियल भारद्वाज, सरिता तोमर और वैशाली पोद्दार को महिला मोर्चा का महामंत्री बनाया गया है।
ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष सुनील यादव, अनुसूचित जाति मोर्चा का अध्यक्ष मोहन लाल गिहारा को, किसान मोर्चा का अध्यक्ष विनोद सहरावत को, पूर्वांचल मोर्चा का अध्यक्ष नीरज तिवारी को, अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष अनीस अब्बासी को और अनूसूचित जनजाति मोर्चा का अध्यक्ष सीएल मीणा को बनाया गया है।
पार्टी के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विवादों में रहे हुकुम सिंह की कार्यालय मंत्री पद से छुट्टी कर दी गई है। उनकी जगह यह जिम्मेदारी बृजेश राय को सोंपी गई है। उनके साथ अमित गुप्ता को सह कार्यालय मंत्री बनाया गया है।
इन्हें दी गई जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने 14 जिला अध्यक्षों की सूची भी जारी की है। इनमें राजीव राणा को नई दिल्ली, सुनील कक्ड़ को करोलबाग, सरदार कुलदीप सिंह को चांदनी चौक, विरेंद्र गोयल को केशव पुरम, सत्यनारायण गौतम को उत्तर पश्चिम, राम सियाशरण राजू को बाहरी दिल्ली, रमेश शौखंदा को नजफगढ़, राजकुमार ग्रोवर को पश्चिमी दिल्ली, रनवीर तंवर को महरौली, राजकुमार चौटाला को दक्षिणी दिल्ली, विजेंद्र धामा को मयूर विहार, संजय गोयल को शाहदरा, मनोज त्यागी को नवीन शाहदरा और पूनम चौहान को उत्तर-पूर्वी जिला का अध्यक्ष बनाया गया है।
मीडिया विभाग और प्रवक्ता की जिम्मेदारी
दिल्ली बीजेपी के मीडिया विभाग का प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर को बनाया गया है। उनके पास प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी रहेगी। वहीं विधायक अभय वर्मा को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। प्रवक्ताओं की सूची में शिखा राय, डॉ अनिल गुप्ता, वीरेंद्र बब्बर, विक्रम बिधूड़ी, राजकुमार फुलवारिया, शुभेन्दु शेखर अवस्थी, अजय सहरावत, प्रीति अग्रवाल, ज्योतजीत सभ्भरवाल, अमित तिवारी और न्योमा गुप्ता के नाम शामिल हैं। विक्रम मित्तल को मीडिया रिलेशन प्रमुख, पुनीत अग्रवाल को आईटी प्रमुख और रोहित उपाध्याय को सोशल मीडिया प्रमुख बनाया गया है।